यहां घर में दौड़ रहा करंट, आफत में जान!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल की राजधानी शिमला में कनलोग के एक घर में जानलेवा करंट दौड़ रहा है और ऐसे में यहां रहने वाले लोगों की जान आफत में आ गई है। बरसात के मौसम में बिजली के करंट से वैसे ही खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है।
मगर इसके बावजूद बिजली बोर्ड के अधिकारी सिर्फ मौके का मुआयना कर वापिस लौट रहे हैं। मामला कनलोग क्षेत्र के दुर्गा माता मंदिर के समीप का है, जहां पर सड़क किनारे बिजली पोल टेढ़ा होकर मकान के भीतर घुस गया है।
हैरानी इस बात की है कि बावजूद इसके खंभे की बिजली तारों से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी हो रही है। टेढ़ा हुआ पोल कभी भी गिर सकता है। पीड़ित मकान मालिक एमएल तोमर ने बताया है कि घर के साथ लगे इस पोल के टेढ़े होने से बरामदे की दीवार पर दरारें पड़ गई हैं। रेलिंग टूट गई है। पोल के निचले हिस्से ने उनकी बेसमेंट की दीवार भी तोड़ दी है।
अधिकारी आते हैं और चले जाते हैं
उन्होंने कहा कि दो सप्ताह पूर्व बिजली बोर्ड को इस समस्या से अवगत करवाया था। अधिकारी मौके पर आए और निरीक्षण कर लौट गए। पोल को हटाने के बारे में कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।
तोमर ने बताया कि बिजली बोर्ड के मौके पर आए अधिकारी ने उन्हें अपने खर्च कर टेढे़ हुए पोल के आसपास मरम्मत करने की सलाह दी है। बिजली बोर्ड बेवजह उन पर खर्च डालने पर उतारू है जबकि बोर्ड को इसकी मरम्मत खुद करनी चाहिए।
उन्होंने मांग की है कि इस पोल को शिफ्ट किया जाना चाहिए ताकि कोई बड़ा नुकसान न हो। इसी मकान के साथ सटे दूसरे मकान के मालिक डीके खन्ना का कहना है कि टेढ़े हुए पोल से उनके घर को भी खतरा है। अधिकतर लोग और स्कूली बच्चे आने-जाने के लिए पोल के साथ लगती सड़क का इस्तेमाल करते हैं। बारिश के समय इसके गिरने का डर बना रहता है।