शिक्षक पुरस्कार देने के लिए बदला चयन का तरीका, 15 तक करें आवेदन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन करने का सरकार ने तरीका बदल दिया है। अब शिक्षक एक-दूसरे को भी पुरस्कार के लिए नामांकित कर सकेंगे। स्कूल, खंड और जिला शिक्षा अधिकारी पुरस्कार के लिए शिक्षकों को नामांकित कर सकेंगे।
पुरस्कार के लिए शिक्षकों को 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक मनमोहन शर्मा ने बताया है कि शिक्षक स्वयं भी अपना नामांकन कर सकते हैं। दूसरे शिक्षकों को भी किसी और को नामांकित करने का मौका दिया गया है।
पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रतिभाशाली अध्यापकों को राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है। हिमाचल सरकार ने साल 2017 के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार योजना को संशोधित किया है।
15 जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
संशोधन के तहत अब शिक्षकों का नामांकन उनके स्कूल, खंड या जिला शिक्षा अधिकारी भी कर सकते हैं। उच्चतर और प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित सरकारी स्कूलों में कार्यरत सभी वर्गों के पात्र अध्यापक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर आवेदन करने के लिए शिक्षकों को अलग से लिंक मिलेगा। जो शिक्षक दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत हैं, वह 20 जुलाई तक संबंधित उपनिदेशक उच्चतर या प्रारंभिक को आफ लाइन आवेदन कर सकते हैं।
निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने बताया है कि जो आवेदन संबंधित उप शिक्षा निदेशकों के पास आए होंगे, उन्हें 25 जुलाई तक वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। 30 जुलाई तक जिला स्तर की कमेटी छंटनी कर पात्र अध्यापकों के नाम प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय को भेजेगी।