{"_id":"63a47231737bb2106b29ebc8","slug":"supply-of-clinker-from-rajasthan-for-nalagarh-plant-of-ambuja","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal Pradesh: अंबुजा के नालागढ़ प्लांट के लिए राजस्थान से क्लींकर की सप्लाई, अब बिना रुकावट उत्पादन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal Pradesh: अंबुजा के नालागढ़ प्लांट के लिए राजस्थान से क्लींकर की सप्लाई, अब बिना रुकावट उत्पादन
Fri, 23 Dec 2022 10:41 AM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, नालागढ़ (सोलन)
संवाद न्यूज एजेंसी, नालागढ़ (सोलन)
Published by: Krishan Singh
Updated Fri, 23 Dec 2022 10:41 AM IST
सार
राजस्थान से रोजाना 70 से ज्यादा ट्रक क्लींकर नालागढ़ पहुंच रहे हैं। अब नालागढ़ में बिना रुकावट सीमेंट उत्पादन हो रहा है। एक सप्ताह में अब सीमेंट उत्पादन में 10 से 15 फीसदी बढ़ गया है।
विज्ञापन
अंबुजा प्लांट नालागढ़।
- फोटो : संवाद
विस्तार
अदाणी कंपनी के दाड़लाघाट में अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद करने के बाद नालागढ़ के अंबुजा प्लांट के लिए क्लींकर की सप्लाई ठप हो गई थी। ऐसे में अब नालागढ़ प्लांट ने राजस्थान से क्लींकर मंगवाना शुरू कर दिया है। राजस्थान से रोजाना 70 से ज्यादा ट्रक क्लींकर नालागढ़ पहुंच रहे हैं। अब नालागढ़ में बिना रुकावट सीमेंट उत्पादन हो रहा है। एक सप्ताह में अब सीमेंट उत्पादन में 10 से 15 फीसदी बढ़ गया है। नालागढ़ में पहले प्रतिदिन 1.20 लाख बैग सीमेंट तैयार हो रहा था, जो अब बढ़कर 1.35 लाख तक पहुंच गया है। हर दिन 1000 टन तक अधिक उत्पादन प्लांट में किया जा रहा है।
विज्ञापन
पिछले एक सप्ताह से यहां 24 घंटे उत्पादन चल रहा है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि क्लींकर की कोई कमी नहीं है। राजस्थान से क्लींकर की सप्लाई मंगवाई जा रही है और सीमेंट उत्पादन भी बढ़ा दिया है। गौर हो कि ट्रक ऑपरेटरों के साथ मालभाड़ा विवाद को लेकर अदाणी कंपनी ने एक सप्ताह पहले अपने दाड़लाघाट में अंबुजा और बरमाणा में एसीसी सीमेंट प्लांट बंद कर दिए थे, जिसके बाद प्रदेश और अन्य राज्यों में सीमेंट की कमी आ गई थी। इसके बाद सरकार ने सरकारी प्रोजेक्टों के लिए अल्ट्राटेक कंपनी से अनुबंध कर 6,000 मीट्रिक टन सीमेंट का ऑर्डर दे दिया, जो प्रदेश में पहुंचने लगा है।
विज्ञापन
दाड़लाघाट में तैयार होता था क्लींकर
पहले दाड़लाघाट में ही क्लींकर तैयार होता था और यहीं से नालागढ़, रोपड़, रुड़की और भठिंडा प्लांट में भेजा जाता था। दाड़लाघाट प्लांट बंद होने से यहां क्लींकर नहीं बन रहा है। ऐसे में अब कंपनी को राजस्थान से क्लींकर मंगवाना पड़ रहा है। पहले दाड़लाघाट में मांग के अनुसार सीमेंट तैयार किया जाता था। दाड़लाघाट प्लांट बंद होने के बाद अब नालागढ़ में उत्पादन बढ़ा दिया गया है।
विज्ञापन
अंबुजा की रामशहर और नालागढ़ ब्लॉक में सरकारी कार्यों के लिए हो रही सप्लाई
नालागढ़ अंबुजा प्लांट से सरकारी कार्यों के लिए रामशहर और नालागढ़ ब्लॉक में अभी भी सप्लाई जा रही है। सरकार ने केवल दाड़लाघाट और बरमाणा की सप्लाई के ही ऑर्डर अल्ट्राटेक को दिए हैं।
कर्मचारियों की भलाई के लिए किए तबादले
दाड़लाघाट और बरमाणा से कर्मचारियों के तबादलों पर अदाणी समूह ने बयान जारी किया है। कंपनी के प्रवक्ता विकास ने कहा है कि कर्मचारियों के तबादले उनकी भलाई के लिए किए गए हैं। अदाणी सीमेंट में कर्मचारियों का एक खास दर्जा है और उन्हें अपना गौरव माना जाता है। यही कारण है कि हिमाचल प्रदेश में दो संयंत्रों के बंद होने से पड़ने वाले प्रभाव के बीच कंपनी ने उनकी भलाई के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों संयंत्रों के संचालन के बंद होने के दौरान कर्मचारियों की नौकरियों की सुरक्षा के लिए अपने ऑपरेटिंग कर्मचारियों को भेजना अनिवार्य हो गया। इसमें दाड़लाघाट के 85 से अधिक कर्मचारियों और बरमाणा इकाई के 58 कर्मचारियों को उत्तरी क्षेत्र में अदाणी सीमेंट के नजदीकी संयंत्रों में भेजा है। इन कर्मचारियों के तबादलों से कंपनी के तीन ग्राइंडिंग प्लांट्स (रोपड़, बठिंडा और नालागढ़) और तीन इंटीग्रेटेड प्लांट्स (मारवाड़ मूंडवा, राबरियावास और लाखेरी) पर असर पड़ेगा।