विस अध्यक्ष की गाड़ी रोकने वाला सब इंस्पेक्टर सस्पेंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला शहर के सील्ड रोड नंबर पांच में विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल की गाड़ी को रोकने वाले सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से विधानसभा अध्यक्ष के सम्मान में ठेस पहुंची थी। घटना वीरवार की है, जब विस अध्यक्ष घर से कार्यालय के लिए निकले थे। विधानसभा के पास उनकी गाड़ी को रोका गया।
उनसे कहा गया कि शिमला के सील्ड रोड पर केवल तीन वीआईपी मूवमेंट के आदेश हैं। इसलिए आपकी गाड़ी आगे नहीं जा सकती। इस मामले को बुटेल ने गंभीरता से लिया और पुलिस प्रशासन से इस मामले की जानकारी मांगी। आनन-फानन में उसके बाद उनके कार्यालय में पुलिस अधिकारी पहुंचे। उन्होंने माना कि गाड़ी रोकने के मामले में जानकारी के अभाव में गलती हुई है।
एसपी शिमला के पास मामला पहुंचा। उन्होंने सब इंस्पेक्टर को सात दिन के लिए सस्पेंड कर पुलिस लाइन कैथू भेज दिया है। हालांकि, एसपी ने अपने ऑर्डर में साफ किया है कि सब इंस्पेक्टर आठवें दिन बहाल हो जाएगा और फिर जगह पर ड्यूटी देगा, जहां पहले से था।
बंधित और प्रतिबंधित सड़कों पर हाईकोर्ट के आदेशों के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी। इसी कड़ी में सब इंस्पेक्टर भी मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहा था। सब इंस्पेक्टर ने सुबह आठ बजे से रात 10.47 बजे तक यहां ड्यूटी दी। रात आठ बजे के बाद इस रोड पर गाड़ियों की आवाजाही बड़ी संख्या में चोरी-छिपे हो रही थी।
नहीं रोकी जा सकती विस अध्यक्ष की गाड़ी
सील्ड रोड नंबर पांच में तारा रेस्टोरेंट के पास स्पीकर की गाड़ी को रोका था। गाड़ी रोकने की वजह पूछने पर सब इंस्पेक्टर ने विधानसभा अध्यक्ष को कहा कि यह सील्ड रोड है और आपकी गाड़ी में कोई परमिट स्टीकर भी नहीं लगा है। आपको इस रोड पर जाने के लिए बिना परमिट या स्टीकर के उच्च न्यायालय या सरकार की ओर से अधिकृत नहीं किया गया है।
हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी में नेशनल फ्लैग लगा हुआ था। प्रोटोकाल में विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी को रोका नहीं जा सकता। सब इंस्पेक्टर की इस कार्रवाई से विधानसभा अध्यक्ष के सम्मान को ठेस पहुंची। उन्होंने इस बारे में पुलिस महकमे के आला अफसरों को मामले की खुद जानकारी दी। इसके बाद डीएसपी ट्रैफिक और सब इंस्पेक्टर विधानसभा अध्यक्ष से मिले और वास्तुस्थिति को स्पष्ट किया।
एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि सब इंस्पेक्टर की कार्रवाई से विधानसभा अध्यक्ष के सम्मान को ठेस पहुंची है। लिहाजा, सब इंस्पेक्टर को सात दिन के लिए सस्पेंड कर लाइन भेजा है। आठवें दिन उसका निलंबन वापस होगा। वह उसी जगह पर फिर से ड्यूटी देगा। प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सब इंस्पेक्टर ने निष्ठा से की है।