{"_id":"626158d967c73c07d8535f0c","slug":"statement-of-mp-pratibha-singh-ministers-cutting-the-ribbons-of-works-done-during-the-time-of-virbhadra-government","type":"story","status":"publish","title_hn":"सांसद प्रतिभा सिंह का बयान: बोलीं- वीरभद्र सरकार के समय हुए कार्यों के फीते काट रहे मंत्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सांसद प्रतिभा सिंह का बयान: बोलीं- वीरभद्र सरकार के समय हुए कार्यों के फीते काट रहे मंत्री
Thu, 21 Apr 2022 06:58 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Thu, 21 Apr 2022 06:58 PM IST
सार
मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी। कांग्रेस पूर्व में किए गए विकास कार्यों के आधार पर लोगों के बीच जाएगी।
विज्ञापन
सांसद प्रतिभा सिंह, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री पूर्व वीरभद्र सिंह सरकार के समय किए गए कार्यों के फीते काट रहे हैं। प्रदेश में हुए उपचुनाव में कांग्रेस की जीत वीरभद्र सरकार के समय किए गए विकास कार्यों से ही मिली। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी। कांग्रेस पूर्व में किए गए विकास कार्यों के आधार पर लोगों के बीच जाएगी। कांग्रेस मुख्यालय शिमला में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा पहले महंगाई के नाम पर बड़े बड़े ढोल पीटती थी, आज महंगाई आसमान छू रही है और सरकार खामोश बैठी है।
विज्ञापन
गैस सिलिंडर एक हजार रुपये से ऊपर चला गया है। यूपीए सरकार के समय गैस सिलिंडर 400 रुपये था तो भाजपा नेता कहते थे कि सरकार बनते ही रोजमर्रा वस्तुओं के दाम आधे कर दिए जाएंगे। आज ये दाम चार गुना बढ़ गए हैं। आज सरकार के पास अपना खर्च चलाने तक के लिए पैसा नहीं हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने देश में हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था। यह आज तक पूरा नहीं हुआ है। भाजपा देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करती है। प्रदेश में भाजपा की ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है, जिसके लिए वह लोगों के बीच जाकर अपने लिए वोट मांग सके। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनावों में जीत का परचम लहराएगी।
विज्ञापन