धर्मशाला: दलाई लामा की दीर्घायु के लिए मुख्य तिब्बती मंदिर में हुई विशेष पूजा-अर्चना, 360 से अधिक श्रद्धालु
तिब्बती कैलेंडर के दसवें महीने की पूर्णिमा पर आयोजित इस समारोह में 360 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। इस आयोजन में खारचू पेमा गर्भ धर्म केंद्र और ऑल हिमालयन बुद्धिस्ट्स, सालबाड़ी (जिला सिलीगुड़ी) के अनुयायियों ने भाग लिया।
विस्तार
तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए मंगलवार को मुख्य तिब्बती मंदिर (त्सुगलाखंग) में विशेष पूजा की गई। तिब्बती कैलेंडर के दसवें महीने की पूर्णिमा पर आयोजित इस समारोह में 360 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। इस आयोजन में खारचू पेमा गर्भ धर्म केंद्र और ऑल हिमालयन बुद्धिस्ट्स, सालबाड़ी (जिला सिलीगुड़ी) के अनुयायियों ने भाग लिया। दलाई लामा के मंदिर परिसर पहुंचने पर आयोजकों के तीन प्रतिनिधियों ने धूप और सफेद खतक भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को गेंदे के फूलों की मालाओं से सजाया गया था। दलाई लामा ने परिसर में रखी धार्मिक वस्तुओं को आशीर्वाद दिया और लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए अपने आसन तक पहुंचे। समारोह की शुरुआत त्रिरत्न की शरण लेने और बोधिचित्त उत्पन्न करने की प्रार्थना के पाठ से हुई। इसके बाद आयोजकों के तीन प्रतिनिधियों ने बुद्ध के पवित्र शरीर, वाणी और चित्त के प्रतीक के रूप में मंडल, बुद्ध की प्रतिमा, धर्मग्रंथ तथा स्तूप अर्पित किए। समारोह में दलाई लामा के दोनों आध्यात्मिक गुरुओं द्वारा रचित विशेष प्रार्थना अमरत्व का गीत का पाठ किया गया। दलाई लामा के नाम की स्तुति और मंगलकारी मंत्रों का उच्चारण के साथ समारोह का अंत हुआ।
दिसंबर में धर्मशाला में होगा तिब्बती संगठनों का प्रशिक्षण
दक्षिण भारत के बाद अब उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के पंजीकृत तिब्बती संगठनों के लिए दिसंबर 2026 में धर्मशाला में कानूनी अनुपालन प्रशिक्षण आयोजित होगा। इससे पहले केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के वित्त विभाग के अनुपालन प्रकोष्ठ ने कर्नाटक के मुंडगोड स्थित ड्रेपुंग गोमांग मठ में तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न किया। विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए), 2010 के तहत पंजीकृत तिब्बती संगठनों के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण में 26 संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला में एफसीआरए में हालिया संशोधनों, आयकर अधिनियम-2025 के प्रमुख बदलावों और श्रम कानूनों में हो रहे परिवर्तनों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसका मुख्य उद्देश्य प्रतिनिधियों को कानूनी और नियामक प्रावधानों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नए नियमों के अनुरूप कार्य करने के लिए तैयार करना रहा। प्रशिक्षण विशेषज्ञ सुजाता सामल ने प्रतिभागियों को एफसीआरए, आयकर अधिनियम-2025, गैर-लाभकारी संगठनों (एनपीओ) के संचालन और नए श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। वित्त विभाग के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से तिब्बती संगठनों की कानूनी अनुपालन क्षमता और अधिक मजबूत होगी।
