हिमाचल: आधी रात को सुनाई दी स्लेटें टूटने की आवाज, बाहर निकली महिला तो धधक रहा था रसोईघर
कांगड़ा के रिट गांव में मंगलवार रात करीब एक बजे आग लगने से एक रसोईघर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की लपटें देखकर मिलापा देवी ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
विस्तार
लंबागांव क्षेत्र के रिट गांव में मंगलवार देर रात आगजनी की घटना में एक रसोईघर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रसोईघर मिलापा देवी पत्नी स्वर्गीय जगदीश चंद का था। मंगलवार रात करीब एक बजे जब आग काफी भड़क चुकी थी, उस दौरान अपने कमरे में सो रही मिलापा देवी को बाहर से स्लेटें टूटने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह उठकर बाहर आईं तो घर के सामने बने रसोईघर से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं।
यह देखकर उन्होंने तुरंत शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रसोईघर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
गनीमत रही कि ग्रामीणों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के अन्य भवनों तक नहीं फैल पाई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
उधर, पटवारी हल्का और पंचायत प्रतिनिधियों ने बुधवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। पंचायत प्रधान नीलम कुमारी ने प्रभावित परिवार को सरकार की ओर से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।
