फायरिंग रेंज में चली गोली, जवान की मौत
उत्तराखंड के मालदेवता रेंज में अभ्यास के दौरान रहस्यमय ढंग से जांघ में गोली लगने से मंगलवार को सेना के एक जवान की मौत हो गई। इलाज के लिए लाए जाने पर दून अस्पताल के डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कई घंटे बाद देर शाम सेना ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रायपुर थाना क्षेत्र स्थित फायरिंग रेंज में मंगलवार दोपहर को दस गढ़वाल राइफल्स के टॉप शूटरों का अभ्यास चल रहा था।
इसमें हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा जिले का रहने वाला जवान रजत सिंह गुलेरिया (28) भी शामिल था।
गोली लगी पर खून नहीं निकला
फायरिंग के दौरान रजत की जांघ में गोली लग गई। वहां मौजूद साथी उपचार के लिए उसको पहले पास स्थित रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे दून अस्पताल भेजा गया।
दून अस्पताल के डाक्टरों ने रजत को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों ने बताया कि उसके शरीर पर खून जम चुका था। इससे अनुमान है कि यहां लाने से काफी वक्त पहले गोली लगी थी।
एसओ अबुल कलाम का कहना है कि फायरिंग के दौरान लापरवाही से जवान की एसएलआर चल गई, जिससे गोली सीमेंट की फर्श से टकराकर रजत की जांघ में घुस गई। मौके पर खून नहीं मिला लेकिन गोली से बना गड्ढा जरूर दिखा।