फिर बिगड़ा मौसम, पहाड़ों पर अप्रैल में ताजा हिमपात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में अप्रैल माह में हिमपात हो रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान सूबे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है। जनजातीय क्षेत्र भरमौर व पांगी के अलावा पर्यटन क्षेत्र मनाली और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होती रही।
कुंजुम पास, बारालाचा पास, लेडी ऑफ केलांग समेत अन्य ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गईउधर, सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूढ़धार में भी रविवार सुबह एक बार फिर ताजा हिमपात हुआ। इससे साथ लगते क्षेत्र नौहराधार, हरिपुरधार, चाढ़ना, घंडूरी, चौरास एवं देवामानल आदि इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
ऊपरी क्षेत्र किन्नौर और रामपुर में बारिश से गिरा तापमान से सेब सहित अन्य नकदी फसलों को लेकर भी संकट पैदा हो गया है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के विभिन्न भागों में रुक - रुक कर बारिश हो रही है। इससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान लुढ़क गया है। शिमला में भी काफी ठंड बढ़ गई है। पांच दिन में शिमला का अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरा है।
सप्ताह भर खराब रहेगा मौमस
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को छोड़ सप्ताह भर मौमस खराब रहेगा। 14 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी है। 15 अप्रैल को एक दिन मौसम सामान्य रहेगा।
इसके बाद 19 अप्रैल तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है। रविवार को भी प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश हुई है।
राजधानी शिमला में 10.6 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 4.1, भुंतर 5.1, कल्पा 1.0, ऊना 1.2, नाहन 6.2, डलहौजी 1.0, सोलन 2.2, बिलासपुर 1.0 और हमीरपुर में 0.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि यह सक्रियता 19 अप्रैल तक रहेगी।