फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   shimla zila parishad election bjp win jairam thakur congress sukhvinder singh sukhu

हिमाचल: शिमला जिला परिषद में भाजपा की जीत पर नेता विपक्ष जयराम ठाकुर बोले- लोकतंत्र जीता, तानाशाही हारी

Thu, 10 Sep 2026 04:38 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Ankesh Dogra Updated Thu, 10 Sep 2026 04:38 PM IST
सार

शिमला जिला परिषद अध्यक्ष पद पर भोपेंद्र सिंह सिसोदिया और उपाध्यक्ष पद पर भरत सिंह कलांटा के निर्वाचित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशियों को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर सत्ता के दुरुपयोग और जिला परिषद सदस्यों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। जयराम ने कहा कि चंडीगढ़ में बनाई गई रणनीति के सामने कांग्रेस चारों खाने चित हो गई और अपने ही जिला परिषद सदस्यों को नहीं संभाल पाई।

विज्ञापन
shimla zila parishad election bjp win jairam thakur congress sukhvinder singh sukhu
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

शिमला जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अध्यक्ष पद पर भोपेंद्र सिंह सिसोदिया और उपाध्यक्ष पद पर भरत सिंह कलांटा के निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी। साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर सत्ता के दुरुपयोग और राजनीतिक हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया। शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि न तो सत्ता का दुरुपयोग काम आया और न ही कोई साजिश सफल हुई। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में लोकतंत्र की जीत और तानाशाही की हार हुई है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री को हार से सबक लेने की नसीहत
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पंचायत चुनावों में लगातार मिल रही हार से सबक लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को संविधान, लोकतंत्र और जनता के जनादेश का सम्मान करना सीखना चाहिए।
विज्ञापन


उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की सरकार ने पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े मामलों में बार-बार न्यायालय का रुख किया और सरकार को अदालत में भी फजीहत का सामना करना पड़ा। जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला जिला परिषद का चुनाव भी उच्च न्यायालय की ओर से निर्धारित तारीख पर हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के हाथ में होता तो यह चुनाव न जाने कब करवाया जाता। जयराम ने मुख्यमंत्री से अपील की कि अब मनमाने नियम बनाने और कानूनी लड़ाई में ऊर्जा लगाने के बजाय प्रदेश के हित में काम किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन


बोले- सत्ता का सेमीफाइनल बुरी तरह हार चुकी कांग्रेस
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू सत्ता का सेमीफाइनल बुरी तरह हार चुके हैं। उनके अनुसार पंचायत चुनावों का जनादेश सिर्फ कांग्रेस के खिलाफ नहीं गया, बल्कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकारने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि हाथ में संविधान की किताब लेकर खुद को लोकतांत्रिक बताना पर्याप्त नहीं है। लोकतंत्र का सम्मान व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से संविधान और जनादेश का सम्मान करने की बात कही।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के 11 जिलों में हुए जिला परिषद चुनावों में 10 जिलों में भाजपा को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कांग्रेस को नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्याशी तक नहीं मिले।

उन्होंने कहा कि शिमला जिला परिषद में चुनाव से पहले 25 सदस्यों में भाजपा समर्थित 13 और कांग्रेस समर्थित 12 सदस्य थे। इसके बावजूद उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 14 वोट मिले। जयराम ने इसे कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस अपने ही सदस्यों को संभालने में नाकाम रही।

shimla zila parishad election bjp win jairam thakur congress sukhvinder singh sukhu
चंडीगढ़ में भाजपा की बैठक - फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में बनी रणनीति ने बदला चुनाव का रुख
जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से पहले चंडीगढ़ में चुनावी रणनीति तैयार की गई थी। इसमें भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों के साथ शिमला जिले के भाजपा नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों पर विभिन्न प्रकार से दबाव बनाने और उन्हें डराने की कोशिश की गई। अलग-अलग मामलों में फंसाने के प्रयास का भी उन्होंने आरोप लगाया।
 

shimla zila parishad election bjp win jairam thakur congress sukhvinder singh sukhu
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के साथ भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्य - फोटो : अमर उजाला
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार और उसका तंत्र भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों को डिगाने में सफल नहीं हो पाया। उन्होंने दावा किया कि तमाम दबाव के बावजूद सदस्यों ने भाजपा प्रत्याशियों का साथ दिया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने वाले सभी जिला परिषद सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि यह परिणाम लोकतंत्र और जनादेश में विश्वास रखने वालों की जीत है।

राजनीतिक मायने
शिमला जिला परिषद के चुनाव परिणाम ने हिमाचल की सियासत में भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी खींचतान को और तेज कर दिया है। भाजपा इसे स्थानीय निकाय स्तर पर अपनी बढ़ती पकड़ के तौर पर पेश कर रही है, जबकि जयराम ठाकुर ने परिणाम को प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता के रुख से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर सीधा हमला बोला है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed