मंडी: जाम का झंझट खत्म, यातायात के लिए खुलेंगी डयोड और हणोगी सुरंगें, एक घंटे में पूरा होगा कुल्लू का सफर
पंडोह-टकोली फोरलेन पर डयोड और हणोगी में तैयार की गई दो सुरंगें शुक्रवार से यातायात के लिए खोल दी जाएंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये इसकी जानकारी दी है।
विस्तार
मंडी से कुल्लू-मनाली का सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। पंडोह-टकोली फोरलेन पर डयोड और हणोगी में तैयार की गई दो सुरंगें शुक्रवार से यातायात के लिए खोल दी जाएंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये इसकी जानकारी दी है।
डयोड में बनी 2.8 किलोमीटर लंबी सुरंग और हणोगी की 650 मीटर लंबी सुरंग के खुलने से इस मार्ग पर सफर पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है। खासकर पर्यटन सीजन के दौरान जोगनी माता मंदिर, डयोड और हणोगी के पास लगने वाले लंबे जाम से वाहन चालकों और पर्यटकों को राहत मिल सकती है।
इन स्थानों पर सड़क की स्थिति और वाहनों की भारी आवाजाही के कारण कई बार लोगों को एक से दो घंटे या इससे भी अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। सुरंगों के शुरू होने के बाद करीब छह किलोमीटर का प्रभावित सड़क हिस्सा घटकर लगभग 3.5 किलोमीटर रह जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि केंद्र सरकार हिमाचल में सड़क संपर्क को सुरक्षित, तेज और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
दो घंटे का सफर करीब एक घंटे में
पंडोह बाईपास के अंत से टकोली तक 18.908 किलोमीटर लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट पर 4,465.94 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह परियोजना हाइब्रिड एन्युटी मोड में बनाई जा रही है। फोरलेन और सुरंगों के पूरी तरह उपयोग में आने के बाद सामान्य यातायात की स्थिति में मंडी से कुल्लू पहुंचने में लगने वाला समय करीब दो घंटे से घटकर एक घंटे रह सकता है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ कुल्लू-मनाली जाने वाले पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।