Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   shimla monkeys junk food ice cream burger durham university study

हिमाचल: फूल-पत्तियां छोड़ आइसक्रीम और बर्गर के शौकीन हुए शिमला के बंदर, 61% भोजन इंसानों से मिल रहा

Thu, 12 Nov 2026 09:54 AM IST
Ankesh Dogra अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: Ankesh Dogra Updated Thu, 12 Nov 2026 09:54 AM IST
सार

शिमला के रिज मैदान और मालरोड के बंदरों की खानपान की आदतों में बड़ा बदलाव सामने आया है। डरहम विश्वविद्यालय के अध्ययन के अनुसार, बंदरों के भोजन में करीब 61 प्रतिशत हिस्सा इंसानों से मिलने वाले खाद्य पदार्थों का है। इनमें 10.8 प्रतिशत बंदर आइसक्रीम और 10.7 प्रतिशत ब्रेड या बर्गर के शौकीन पाए गए हैं।

विज्ञापन
shimla monkeys junk food ice cream burger durham university study
जंक फूड के दीवाने शिमला के बंदर। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

राजधानी शिमला के कोर एरिया में रहने वाले बंदरों की खानपान की आदतें तेजी से बदल रही हैं। जंगलों में मिलने वाले फल, फूल और पत्तियों से ज्यादा अब इनका रुझान इंसानों से मिलने वाले खाने की ओर हो गया है। रिज मैदान और मालरोड के आसपास घूमने वाले कई बंदर अब आइसक्रीम, बर्गर और ब्रेड जैसे खाद्य पदार्थों के शौकीन हो गए हैं। स्थिति यह है कि मनपसंद खाना पाने के लिए बंदर लोगों से छीनाझपटी तक करने लगे हैं। डरहम विश्वविद्यालय की ओर से शिमला के कोर एरिया में बंदरों के व्यवहार और खानपान को लेकर किए गए अध्ययन में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

विज्ञापन
Trending Videos

करीब दो साल पहले किए गए इस अध्ययन में सामने आया कि शहर के कोर एरिया में रहने वाले बंदर जंगल के प्राकृतिक भोजन की तुलना में इंसानों से मिलने वाले खाने पर अधिक निर्भर हो रहे हैं। अध्ययन के अनुसार, इन बंदरों की कुल खुराक में करीब 61 प्रतिशत हिस्सा मानव गतिविधियों से जुड़े भोजन का है, जबकि प्राकृतिक स्रोतों से मिलने वाले भोजन की हिस्सेदारी करीब 39 प्रतिशत रह गई है। यानी बंदरों की भोजन संबंधी आदतों में इंसानी गतिविधियों का प्रभाव काफी बढ़ गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

आइसक्रीम के शौकीन हैं 10.8 प्रतिशत बंदर
अध्ययन का सबसे चौंकाने वाला पहलू बंदरों की पसंद से जुड़ा है। मालरोड और रिज मैदान के आसपास करीब 10.8 प्रतिशत बंदर आइसक्रीम के शौकीन पाए गए हैं। वहीं, करीब 10.7 प्रतिशत बंदरों की पसंद में ब्रेड या बर्गर शामिल हैं। इसके अलावा बंदरों के भोजन में अनाज और फल जैसे खाद्य पदार्थ भी शामिल हो गए हैं।
विज्ञापन

अध्ययन में सामने आया कि लोगों की ओर से बंदरों को खिलाया जाने वाला भोजन और कूड़े में फेंके गए खाद्य पदार्थ उनके लिए भोजन का महत्वपूर्ण स्रोत बन चुके हैं। पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही और खाने-पीने की चीजों की उपलब्धता के कारण बंदरों को आसानी से भोजन मिल रहा है। यही वजह है कि वे प्राकृतिक खाद्य स्रोतों के बजाय इंसानों के आसपास मिलने वाले भोजन पर अधिक निर्भर होते जा रहे हैं।

मालरोड, रिज और कालीबाड़ी रोड पर किया अध्ययन
डरहम विश्वविद्यालय के अध्ययनकर्ताओं ने शिमला शहर के कई प्रमुख स्थानों को अध्ययन में शामिल किया। इनमें मालरोड, रिज मैदान, इनसे सटे सभी पैदल रास्ते और कालीबाड़ी रोड जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल थे। इन स्थानों पर बंदरों के व्यवहार और उनके खानपान के तरीकों का अध्ययन किया गया।

अध्ययन में पाया गया कि इन क्षेत्रों में लोगों की ओर से खिलाया जाने वाला खाना और कूड़ेदानों में फेंके गए खाद्य पदार्थ बंदरों के भोजन का अहम हिस्सा बन गए हैं। मालरोड और रिज मैदान जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की अधिक आवाजाही रहती है। यहां लोग खाने-पीने की चीजें लेकर घूमते हैं। कई बार बंदर लोगों के हाथों से खाद्य पदार्थ छीन लेते हैं, जबकि कुछ लोग उन्हें खुद भी खाना खिलाते हैं।
 

शिमला शहर में करीब दो हजार बंदर
वन विभाग के अनुसार, वर्ष 2019 में शिमला शहर में बंदरों की संख्या करीब दो हजार आंकी गई थी। हालांकि, यह आंकड़ा पुराना है और वर्तमान में शहर में बंदरों की वास्तविक संख्या कितनी है, इसकी नई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

बंदरों की नसबंदी की प्रक्रिया भी अब बंद हो चुकी है। ऐसे में इनकी संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने वर्ष 2024 से दोबारा बंदरों की गणना शुरू की थी, लेकिन अभी तक इसके आंकड़े सामने नहीं आए हैं। नई गणना से शहर में बंदरों की मौजूदा संख्या और उनके फैलाव की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा।
 

शहर के बंदरों का बदल रहा खानपान
वन्यजीव विभाग शिमला के डीएफओ शाहनवाज के अनुसार, शहर में बंदरों का खानपान बदल रहा है। रिहायशी इलाकों में रहने के आदी हो चुके ज्यादातर बंदर अब लोगों से मिलने वाले खाने पर निर्भर हैं। यही कारण है कि कॉलोनियों में इनकी संख्या अब जंगलों से ज्यादा दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि मालरोड, रिज मैदान, सीटीओ चौक और स्कैंडल पॉइंट जैसे प्रमुख स्थानों पर बंदर आइसक्रीम, ब्रेड और बर्गर आदि के शौकीन हो गए हैं। इंसानों के आसपास भोजन की उपलब्धता के कारण बंदरों की खानपान संबंधी आदतों में बदलाव आ रहा है।

डीएफओ शाहनवाज के इस बयान से भी स्पष्ट होता है कि शहरी क्षेत्रों में बंदरों और इंसानों के बीच बढ़ता संपर्क उनके व्यवहार को प्रभावित कर रहा है। इस अध्ययन ने शिमला में वन्यजीवों और इंसानों के बीच बदलते संबंधों की एक नई तस्वीर सामने रखी है। बंदरों का प्राकृतिक भोजन छोड़कर इंसानों के खाने पर निर्भर होना न केवल उनके व्यवहार में बदलाव को दर्शाता है, बल्कि शहर में खाद्य कचरे के उचित प्रबंधन और वन्यजीवों को अनावश्यक रूप से खाना खिलाने से बचने की जरूरत भी बताता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed