चपरासी के 14 पदों के लिए 10 हजार आवेदन, एमए-एमफिल भी लाइन में
इसे बेरोजगारी की हद कहें या सरकारी नौकरी पाने की ललक। एमए और एमफिल पास भी चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए आवेदन कर रहे हैं। एचआरटीसी में क्लास फोर पदों के लिए हो रही भर्ती में ऐसा कुछ देखने को मिल रहा है।
इन 14 पदों के लिए करीब 10,000 लोगों ने आवेदन जमा करवाए हैं। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा नहीं हो रही है, बल्कि दसवीं कक्षा के अंकों के मूल्यांकन के मुताबिक ही पदों को भरा जाएगा।
नौकरी के लिए दसवीं से लेकर एमफिल तक के विद्यार्थियों ने भी आवेदन कर रखा है। सभी उम्मीदवारों को दसवीं का प्रमाण पत्र लिया जा रहा है।
भर्ती में हर दिन करीब 300 आवेदनकर्ता
एक अगस्त से शुरू हुई भर्ती में हर दिन करीब 300 आवेदनकर्ताओं को बुलाया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरे माह तक रहेगी। आरटीओ कार्यालय के बाहर करीब 2 से 4 घंटे तक आवेदनकर्ताओं को खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
इस बारे में आरटीओ प्रशांत जेस्टा का कहना है कि जिन लोगों ने आवेदन किया है, उन्हें कॉल लेटर जारी कर दस्तावेज मांगे गए हैं।
इन पदों के लिए करीब 10,000 को बुलाया गया है। हर दिन करीब 300 प्रमाणपत्र लिए जा रहें है। जैसे ही सभी के दस्तावेज जमा हो जाएंगे, उसके बाद इनके परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।