Shimla Jakhu Temple Escalator: मुफ्त सेवा होगी खत्म, देना होगा शुल्क, 15 अगस्त से लागू होगी नई व्यवस्था
राजधानी शिमला के जाखू में बने एस्केलेटर का सफर अब फ्री नहीं रहेगा। रोपवे ट्रांसपोर्ट डवेलपमेंट कारपोरेशन ने एस्केलेटर का प्रति व्यक्ति 20 रुपये शुल्क निर्धारित करने का फैसला लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जाखू में बने एस्केलेटर के सफर का लुत्फ उठाने के लिए अब लोगों को किराया अदा करना होगा। इसको लेकर रोपवे ट्रांसपोर्ट डवेलपमेंट कारपोरेशन ने प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है। एस्केलेटर का प्रति व्यक्ति 20 रुपये शुल्क निर्धारित करने का फैसला लिया है। प्रस्ताव तैयार होते ही इसको मंजूरी के लिए सरकार को भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि 15 अगस्त से एस्केलेटर में आवाजाही करने वाले लोगों से इसका किराया वसूलना शुरू कर दिया जाएगा।
प्रदेश के पहले आउटडोर एस्केलेटर के निर्माण पर करीब 7.94 करोड़ की राशि खर्च की है। 14 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंहकु सुक्खू ने इसका उद्घाटन किया था और तबसे लेकर अभी तक मंदिर आने वाले श्रद्धालु एस्केलेटर की सुविधा का निशुल्क लाभ उठा रहे हैं। इसमें देश-विदेश से आने वाले सैलानी भी शामिल हैं। यह एस्केलेटर 46.46 मीटर लंबा और 1.65 मीटर चौड़ा है। यह 0.5 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से चलता है।
दावा है कि प्रति घंटा छह हजार श्रद्धालु इस पर सफर करके मंदिर पहुंच सकते हैं। लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत एस्केलेटर में सेफ्टी ब्रेक और एलईडी लाइट्स की सुविधा भी उपलब्ध करवाई है। इसकी मदद से श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर से दो से तीन मिनट में मुख्य मंदिर परिसर में बनी हनुमान की 108 फीट ऊंची प्रतिमा तक पहुंच सकते हैं।
19 मई को खराब हो गया था एस्केलेटर
स्मार्ट सिटी मिशन से रोपवे डवेलपमेंट ट्रांसपोर्ट एंड कारपोरेशन की ओर से करोड़ों की लागत से बनाया एस्केलेटर 19 मई को अचानक खराब हो गया था। इस वजह से डेढ़ महीने तक यहां आने वाले श्रद्धालुओं को इस सुविधा से वंचित रहना पड़ा था। इसके बाद कारपोरेशन की ओर से एस्केलेटर की जांच कर सीढि़यां बदली गईं। साथ ही चारों एस्केलेटर की मरम्मत भी की है। ट्रायल के बाद एक जुलाई से इस सेवा को दोबारा शुरू किया था। कारपोरेशन के मुताबिक अब हर माह एस्केलेटर की मरम्मत की जाएगी। निगम के मुताबिक एस्केलेटर लगाने वाली कंपनी दो साल तक इसका रखरखाव करेगी।
हनुमान मंदिर जाखू में बने एस्केलेटर में सफर करने का प्रति व्यक्ति 20 रुपये किराया वसूल किया जाएगा। इसको लेकर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। 15 अगस्त से यह नई व्यवस्था लागू हो सकती है- मुनीष साहनी, डीजीएम, रोपवे ट्रांसपोर्ट डेवलपमेंट कार्पोरेशन