नेरवा: टौंस नदी में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांवटा-नेरवा मार्ग पर गुम्मा के समीप एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर टौंस नदी में जा पहुंची। हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। चार को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
छह लोगों की मौके पर जान चली गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा देर रात करीब 10.30 बजे हुआ। इस हादसे में परिवार के मुखिया कल्याण सिंह की पत्नी, 3 बेटियों, बेटे और भाई की जान चली गई। जिला सिरमौर की शिलाई तहसील के शावड़ी निवासी कल्याण सिंह बेटे कपिल की मन्नत पूरी होने के बाद चूड़धार, हाटकोटी समेत चार मंदिरों में माथा
टेकने के बाद बोलेरो जीप (एचआर 71 ए 3993) से घर लौट रहे थे। जीप में सवार कुल 12 लोगों में से दस एक ही परिवार के थे। घर से करीब 25 किलोमीटर पहले गुम्मा के पास जीप अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर टौंस नदी के किनारे जा पहुंची।
दो माह बाद थी बेटी की शादी
करीब आधे घंटे बाद नेरवा पुलिस को सूचना मिली। देर रात ही घायलों और शवों को नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया। यहां कल्याण सिंह के भाई गुलाब सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गाड़ी चला रहे उनके बेटे कपिल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कल्याण सिंह की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे की शिकार कल्याण की बेटी सुषमा की दो माह बाद शादी थी। वह देहरादून के एक अस्पताल में स्टाफ नर्स थी। शाम को छह शवों का संस्कार एक साथ तिंदी की नेरा खड्ड में किया गया। नायब तहसीलदार नेरवा एमआर चौहान ने मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार और घायलों को 5-5 हजार की फौरी राहत दी है।
हादसे में इनकी गई जान
हादसे में शिलाई के शावड़ी निवासी कल्याण सिंह की पत्नी संदी देवी (46), तीन बेटियों सुषमा (28), निशा (25) और रवीना (21), बेटे कैलाश (22) और भाई गुलाब सिंह (42) पुत्र मोती राम के अलावा कांटी मशौह निवासी शिवानी (15) पुत्री नरेंद्र की मौत हो गई। घायलों में कल्याण सिंह (48) पुत्र मोती राम, कपिल (27) पुत्र कल्याण, डिंपल (20) पत्नी कपिल, साक्षी (15) पुत्री रणजीत और रवीना (30) पुत्री खजान सिंह निवासी पंजार शामिल हैं।