118 मामला : सरकार से मंजूरी नहीं मिली तो वॉयस सैंपल की अर्जी वापस लेगा विजिलेंस
गैर कृषकों को जमीन खरीद की मंजूरी देने के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार की विजिलेंस जांच अधिकारियों की बाबूगिरी के चलते फंस गई हैं। सरकार में बैठे अधिकारी एक महीने से निर्णय नहीं ले सके हैं कि विजिलेंस को जांच जारी रखने की अनुमति दी जाए या उसे खारिज कर दिया जाए। जाहिर है जिस सरकार के संरक्षण में पहले इस मामले में जांच तेजी से शुरू हुई, अब उसी सरकार में ही जांच को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है।
केंद्र सरकार की ओर से भ्रष्टाचार निवारण कानून में किए गए संशोधन के चलते विजिलेंस ने करीब एक महीने पहले सरकार को पत्र लिखकर धारा-118 मामले में राज्य चुनाव आयुक्त पार्थ सारथी मित्रा से आरोपी के तौर पर पूछताछ करने की मंजूरी मांगी थी, लेकिन अफसर अब तक इस पर कोई फैसला नहीं ले सके हैं। अब कोर्ट ने विजिलेंस को सलाह दी है कि सरकार से अनुमति न मिलने पर मित्रा के वायस सैंपल और ब्रेन मैपिंग टेस्ट की मंजूरी संबंधी दरख्वास्त को वापस ले ले। कोर्ट के इस रुख के बाद विजिलेंस में हड़कंप है।
मंजूरी न मिली तो सरकार की किरकिरी तय
हाल में विजिलेंस के सरकारी वकील ने ब्यूरो को इस संबंध में पत्र भी लिखा। इसके बाद विजिलेंस मुख्यालय ने सरकार को पत्र लिखा कि वह इस पर जल्द कोई निर्णय ले। सूत्रों की मानें तो सरकार का एक पक्ष मित्रा मामले में जांच की अनुमति देने के पक्ष में है तो दूसरा जांच की मंजूरी न देने पर अड़ा है। अफसर इसी नूराकुश्ती के चलते फाइल को इधर से उधर टरका रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि सरकार के गठन के बाद जिस तरह विजिलेंस ने जांच शुरू की और मित्रा को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया। उससे लगने लगा था कि विजिलेंस मामले की जांच में नहीं हिचकिचा रही। चूंकि, सरकार तब तक मौन थी, इसलिए विजिलेंस ने भी जांच पर जोर दिया।
अब वही सरकार विजिलेंस को मंजूरी देने से कतरा रही है। जाहिर है जिस जांच को पहले जयराम सरकार ने शुरू करने और जारी रखने दिया। अब उसी जांच को अंतिम मुकाम तक पहुंचने न देने का रवैया अपना रही है। ऐसे में पीछे हटने पर सरकार की किरकिरी तय है।
