पानी पीने गए बच्चे की बावड़ी में डूबकर मौत, यहां हुआ दर्दनाक हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूसरी कक्षा के बच्चे की बावड़ी में डूबने से मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि बच्चा स्कूल से आने के बाद बावड़ी में पानी पीने गया और पैर फिसलने से उसमें जा गिरा। मौके पर किसी के न होने से बच्चा खुद बाहर नहीं निकल पाया तथा पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई।
यह हृदय विदारक घटना नालागढ़ उपमंडल के रामशहर थाना के सुनली रूग गांव में घटी। इस घटना से गांव में शोक छा गया है। ग्रामीणों के सहयोग से बच्चे के शव को बावड़ी से बाहर निकाला गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
नालागढ़ अस्पताल लाए बच्चे के शव के पोस्टमार्टम के दौरान एसडीएम नालागढ़ ने पीड़ित परिवार से भेंट की और उन्हें प्रशासन की ओर से फौरी राहत प्रदान की। पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि सुनली रूग गांव में सात साल का एक बच्चा बावड़ी में डूब गया है।
ग्रामीणों ने बावड़ी से बाहर निकाला बच्चे का शव
एसएचओ रामशहर अजीत कुमार की अगुवाई वाली पुलिस टीम तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीणों द्वारा बच्चे के शव को बावड़ी से बाहर निकाल लिया गया था।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि राहुल (7) पुत्र श्रीराम निवासी गांव सुनली रूग डाकघर जयनगर तहसील रामशहर स्कूल से आने के बाद घर पहुंचा और पानी पीने के लिए बावड़ी पर आया था।
लेकिन वहां फिसलन अधिक होने के कारण उसका पैर फिसल गया जिससे वह बावड़ी में डूब गया। एसपी रानी बिंदू सचदेवा ने कहा कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। किसी ने भी इस हादसे पर संदेह नहीं जताया है।
एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि वह परिजनों से नालागढ़ अस्पताल में मिले और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए उन्हें प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 20 हजार रुपये की सहायता प्रदान की है।