पंचायत घर में ताला लगाकर सचिव नदारद, आंगनबाड़ी में गायब मिले बच्चे
उपमंडलाधिकारी रामपुर निपुण जिंदल ने विकास खंड ननखड़ी की खुन्न पनोली पंचायत घर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत सचिव बिना कोई सूचना दिए नदारद पाया गया। पंचायत सचिव कहां गया इसका किसी को पता नहीं था।
अब एसडीएम पंचायत को नोटिस जारी करेंगे। ग्रामीणों ने एसडीएम से पटवारी की शिकायत भी की। कहा कि अधिकतर समय वह पंचायत से अनुपस्थित ही रहता है। इसके अलावा एक आंगनबाड़ी केंद्र में कोई बच्चा भी नहीं मिला।
पशु डिस्पेंसरी में भी अनियमितताएं पाई। उन्होंने सभी संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश जारी कर समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। एसडीएम रामपुर ने सोमवार दोपहर ननखड़ी की पंचायत पनोली का औचक दौरा किया। उनको पंचायत घर में ताला लटका हुआ मिला।
सचिव को नोटिस देकर जवाब मांग जाएगा
एसडीएम ने कहा कि गायब पाए गए पंचायत सचिव को नोटिस देकर जवाब मांग जाएगा। पंचायत सचिव का जवाब सही नहीं पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। पनोली और जाहू पंचायत का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पंचायतों में हो रहे विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की।
पनोली पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां पर उन्हें एक भी बच्चा उपस्थित नहीं मिला। आंगनबाड़ी के रिकॉर्ड की भी जांच की। उन्होंने कहा कि खुन्नी स्कूल के नए भवन में शिफ्ट होने से पुराना भवन खाली है। आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी और पोस्ट ऑफिस अन्य किराये के भवन में क्यों चल रहे हैं।
उन्होंने बीडीओ और पंचायत प्रधान को निर्देश दिए की भवन को पंचायती राज विभाग को दिया जाए। जाहू पंचायत में ग्रामीणों ने पानी की समस्या उपमंडलाधिकारी के सामने रखी और कहा कि यहां के लिए बनी पेयजल योजना से ग्रामीणों को लाभ नहीं मिल रहा है। प्राथमिक स्कूल जाहू के भवन को असुरक्षित पाया है। उनके साथ बीडीओ ननखड़ी कामेश्वर चौहान भी उपस्थित रहे।