भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के लिए सत्ती का नाम लगभग तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में भाजपा वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में लड़ेगी। भाजपा आलाकमान ने अध्यक्ष के लिए सत्ती का नाम लगभग फाइनल कर दिया है। पार्टी का तर्क है कि उनके साढ़े चार साल के कार्यकाल में पार्टी हिमाचल में आगे बढ़ी है।
उनके कार्यकाल में पार्टी किसी भी तरह के विवादों में नहीं आई है। संगठन से निकले हुए सत्ती को सबको साथ लेकर चलने वाला बताया गया है। भाजपा 6 जनवरी को विधिवत रूप से अपना अध्यक्ष चुनेगी।
भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए पांच नाम थे। इनमें सतपाल सत्ती, रणधीर शर्मा, राजीव बिंदल, रामस्वरूप शर्मा और जयराम ठाकुर शामिल थे। पार्टी हाईकमान की सांसद शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी बैठक हुई।
अध्यक्ष की सहमति से बनता है सीएम
इसमें तीनों पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सतपाल सत्ती के नाम को आगे किया। सत्ती जहां पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के करीबी माने जाते हैं, वहीं जेपी नड्डा और शांता कुमार के साथ भी उनके अच्छे संबंध हैं। सूत्रों का कहना है कि आलाकमान के साथ हुई बैठक में इन तीनों वरिष्ठ नेताओं ने सत्ती के नाम पर सहमति जताई।
साल 2017 में हिमाचल में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश भाजपा मिशन 2017 की तैयारियों में अभी से जुट गई है। टिकट आवंटन से लेकर भाजपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी तक का चयन करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष की राय अहम मानी जाएगी। ऐसे में भाजपा के प्रदेश में तीन ध्रुवों में बंटे कार्यकर्ताओं के नेता अपनी-अपनी पसंद के व्यक्ति को अध्यक्ष की कुर्सी पर देखना चाह रहे हैं।
प्रदेश भाजपा के चुनाव में भाग नहीं लेंगे शांता
पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के लिए छह जनवरी को होने वाले चुनाव में सांसद शांता कुमार शामिल नहीं होंगे। शांता परिवार सहित प्रदेश बाहर होने के कारण इस चुनाव में भाग नहीं ले पाएंगे। इसकी सूचना उन्होंने दे दी है। शांता को प्रदेश भाजपा संगठन ने छह जनवरी होने वाले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुनाव के सूचना भेजी थी, लेकिन निजी दौरे के कारण वे चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे।
सांसद शांता ने कहा कि वह इन दिनों पहले से ही अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक परिवार के साथ अंडेमान निकोबार में है। लिहाजा, वह इस चुनाव में भाग नहीं ले सकते। उन्हें विश्वास है कि नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव प्रदेश भाजपा के प्रमुख नेताओं की आपसी सहमति से होगा।
कहा कि सब मिल बैठकर नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। हालांकि, शांता के चुनाव में भाग न लेने से प्रदेश भाजपा में कई सवाल भी उठना शुरू हो जाएंगे। इससे कई अटकलें भी शुरू हो सकती हैं। उन्होंने छह जनवरी को प्रदेश भाजपा के चुने जाने वाले नए अध्यक्ष को शुभकामनाएं दी हैं।