#VoteKaro सड़क से जुड़ा दुनिया का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र टशीगंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में समुद्रतल से 15,256 फीट ऊंचाई पर स्थित दुनिया का सबसे ऊंचा मतदान केंद्र टशीगंग सड़क मार्ग से जुड़ गया है। सर्दियों में हुए भारी हिमपात के चलते टशीगंग इलाका बर्फ से पूरी तरह लकदक था।
यहां पहुंचना लोगों के लिए आसान नहीं था। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने 20 दिन में बर्फ हटाकर काजा से करीब 33 किमी दूर टशीगंग को जाने वाली सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी।
सड़क बहाल होते ही चुनाव आयोग की टीम ने टशीगंग गांव का दौरा कर वहां के हालात का जायजा लिया। हिमाचल में 19 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
टशीगंग में 29 पुरुष, 20 महिला मतदाता
टशीगंग में हालांकि अभी भी चारों तरफ बर्फ की मोटी चादर बिछी है। यहां न्यूनतम पारा शून्य से नीचे चल रहा है। सड़क बहाली का जिम्मा देख रहे लोनिवि के सहायक अभियंता टशी ज्ञामजो ने बताया कि गांव में अभी भी दो से तीन फीट तक बर्फ की मोटी चादर बिछी है।
33 किमी सड़क मार्ग को बहाल करने में विभाग को करीब 20 दिन लगे हैं। ऑक्सीजन की कमी और बेहद ऊंचाई पर होने से यहां पर पेड़-पौधे तो दूर घास तक मुश्किल से उग पाती है।
टशीगंग पोलिंग बूथ में कुल 49 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 29 पुरुष और 20 महिला वोटर शामिल हैं। काजा के कार्यकारी एडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी जीवन सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र सड़क मार्ग से जोड़ दिया गया है।
स्पीति के दो मतदान केंद्रों तक यातायात अभी बहाल नहीं
स्पीति के 29 में से अब सिर्फ दो मतदान केंद्रों मुद और खर को यातायात के लिए बहाल करना बाकी है। नेगी ने बताया कि इसकी रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को भेज दी गई है।