{"_id":"588c8e124f1c1b5c02cf7815","slug":"republic-day-parade-in-keylong-viral-on-social-media","type":"story","status":"publish","title_hn":"सोशल मीडिया में छाया चार फीट बर्फबारी में परेड का जज्बा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सोशल मीडिया में छाया चार फीट बर्फबारी में परेड का जज्बा
ब्यूरो/अमर उजाला, केलांग (लाहौल-स्पीति)
Updated Sat, 28 Jan 2017 05:58 PM IST
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस पर लाहौल के केलांग में चार फीट बर्फबारी के बीच परेड का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
गणतंत्र दिवस पर लाहौल के केलांग में चार फीट बर्फबारी और माइनस 13 डिग्री तापमान के बीच सलामी परेड सोशल मीडिया पर खूब धूम मचा रही है। दो दिन के भीतर इस वायरल वीडियो को करीब सवा दो लाख लोग देख चुके हैं। जबकि हर एक मिनट के भीतर अभी भी लगभग पांच सौ लोग इस वीडियो को देख रहे हैं।
विज्ञापन
दरअसल गणतंत्र दिवस के दिन जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में जमकर बर्फबारी हो रही थी। शून्य से 13 डिग्री नीचे तापमान के बीच पुलिस और होमगार्ड के जवानों के साथ एनसीसी और केंद्रीय विद्यालयों के बच्चों ने पूरे जोश के साथ सलामी परेड में भाग लिया और राष्ट्रीय पर्व में कदमताल की।
विज्ञापन
बर्फबारी के बीच फिल्माए गए इस परेड वीडियो को देखकर लोग पुलिस जवानों के साथ बच्चों के हौसले को सलाम कर रहे हैं। भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण इस दौरान 10 मीटर दूर तक देख पाना भी मुश्किल था। ठंड के कारण बच्चों के हाथ और पांव जमने लगे।
विज्ञापन
लेकिन तिरंगे की शान के प्रति उनकी मुहब्बत की गरमाहट बर्फ को पिघला गई। करीब 10 मिनट तक चली सलामी परेड में उपायुक्त विवेक भाटिया और पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा भी इस दौरान बर्फीली हवाओं को नजरअंदाज करते तिरंगे के नीचे डटे रहे। लाहौल पुलिस के इंस्पेक्टर ललित महंत ने परेड का नेतृत्व किया।