शिमला: प्रियंका गांधी से मुलाकात का समय मांगा, हिमाचल के SC, ST और OBC मुद्दों पर चर्चा की अपील
गदर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के संयोजक रवि कुमार दलित ने प्रियंका गांधी वाड्रा को खुला पत्र लिखकर प्रदेश के एससी, एसटी और ओबीसी समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए मुलाकात का समय मांगा है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
गदर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के संयोजक रवि कुमार दलित ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम एक खुला पत्र जारी कर हिमाचल प्रदेश के अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समाज से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए व्यक्तिगत मुलाकात का समय मांगा है।
रवि कुमार दलित ने कहा कि प्रियंका गांधी इन दिनों हिमाचल प्रदेश में हैं और 26 नवंबर को देश संविधान दिवस मनाने जा रहा है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर उनसे अपेक्षा है कि वे सामाजिक न्याय की आवाज उठाने वाले लोगों को मिलने का अवसर प्रदान करें और प्रदेश के लाखों SC, ST और OBC लोगों से जुड़े सवालों को गंभीरता से सुनें।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की बात की जाती है, तो सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज सुनने के लिए भी नेतृत्व के पास समय होना चाहिए।
रवि कुमार दलित ने स्पष्ट किया कि यह मुलाकात किसी व्यक्तिगत लाभ, पद, प्रतिष्ठा या राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि उन वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की बात रखने के लिए मांगी गई है, जिनकी समस्याएं अक्सर राजनीतिक घोषणाओं तक सीमित रह जाती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय से जुड़े अनेक सवाल लंबे समय से उठाए जा रहे हैं, लेकिन इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों को प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात का समय नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रियंका गांधी तक अपनी बात पहुंचाने का निर्णय लिया है, ताकि उनकी सार्वजनिक अपील नेतृत्व तक पहुंचे।
खुले पत्र में उठाए प्रमुख मुद्दे
रवि कुमार दलित ने पत्र में निम्नलिखित मुद्दों पर चर्चा की मांग की है:
-
हिमाचल प्रदेश में SC/ST सब-प्लान के बजट आवंटन, खर्च, पारदर्शिता और प्रभावी कानूनी जवाबदेही का सवाल।
-
अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों के साथ जातिगत भेदभाव, छुआछूत और अत्याचार की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई तथा SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम का सख्ती से क्रियान्वयन।
-
सरकारी नौकरियों में आरक्षण का सही क्रियान्वयन, बैकलॉग पदों को भरना तथा Not Found Suitable जैसी प्रक्रियाओं की निष्पक्ष समीक्षा।
-
ठेका एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के रोजगार, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा।
-
हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग को पर्याप्त अधिकार, संसाधन और स्वतंत्र कार्यप्रणाली प्रदान करना।
-
शिमला के चौड़ा मैदान स्थित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से जुड़े हालिया विवाद और शुद्धिकरण के नाम पर उठे सवालों पर सरकार एवं प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करना।
-
SC, ST और OBC समाज के शिक्षा, रोजगार, आर्थिक विकास, छात्रवृत्ति, आवास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े अधिकारों को सुनिश्चित करना।
रवि कुमार दलित ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और न्याय का अधिकार दिया है। इसलिए संविधान दिवस पर संविधान की रक्षा का संकल्प तभी सार्थक होगा, जब उन लोगों की आवाज भी सुनी जाएगी जो अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सामाजिक न्याय की लड़ाई किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष तक सीमित नहीं है। यह जातिवाद, छुआछूत, भेदभाव और सामाजिक अन्याय के विरुद्ध एक वैचारिक एवं संवैधानिक संघर्ष है, जो सत्ता में किसी भी दल की सरकार होने पर जारी रहेगा।
रवि कुमार दलित ने प्रियंका गांधी वाड्रा से आग्रह किया है कि वे 26 नवंबर के संविधान दिवस से पहले अथवा अपने हिमाचल प्रवास के दौरान गदर फ्रंट के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय दें, ताकि प्रदेश के SC, ST और OBC समाज के इन महत्वपूर्ण मुद्दों को सीधे उनके समक्ष रखा जा सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रियंका गांधी इस सार्वजनिक अपील को गंभीरता से लेंगी और सामाजिक न्याय से जुड़े इन सवालों को कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर पर भी उठाएंगी।
