वीरभद्र के ब्राह्मणवाद बयान पर रामस्वरूप का पलटवार
सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की फिल्म ड्रामा वन पूरी तरह से फ्लॉप हो चुका है तथा अब जो फिल्म ड्रामा टू को प्रमोट कर रहे हैं वह भी फ्लॉप होगा।
शनिवार को मंडी में सदर भाजपा के अभ्यास वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपनी प्रतिभा सिंह को लोकसभा चुनावों में उतारकर फिल्म ड्रामा वन शुरू की जिसमें मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया।
इस फिल्म में फ्लॉप रहने के बाद अब उन्होंने फिल्म ड्रामा टू यानी अपने बेटे विक्रमादित्य को प्रमोट करने का कार्य जातिगत राजनीति के जरिए शुरू किया वह भी पूरी तरह से फ्लॉप होगा।
मैंने अपने बेटे की शादी ठाकुर परिवार से की है
वीरभद्र सिंह किसी भी हाल में ब्राह्मणों को ठाकुरों से अलग नहीं कर सकते। मैंने अपने बेटे की शादी ठाकुर परिवार से की है तथा वीरभद्र सिंह बताएं कि क्या उन्होंने किसी ब्राह्मण या अन्य को अपना संबंधी बनाया है?
जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति करने से बड़ी देर तक सत्ता हासिल नहीं की जा सकती तथा पढ़ी-लिखी जागरुक जनता सब जानती है।
उल्लेखनीय है कि वीरभद्र सिंह ने हाल ही में कहा था कि ब्राह्मणवाद की वजह से उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय चुनाव हारी थी। इस वजह से प्रदेश की राजनीति में उनकी काफी आलोचना भी हुई है।