धर्मशाला वनडेः टीम इंडिया को लग सकता है बड़ा झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और वेस्टइंडीज के बीच हिमाचल के धर्मशाला क्रिकेट मैदान पर होने वाले चौथे एक दिवसीय मैच पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है। विशाखापत्तनम में तबाही मचाने वाले हुद हुद तूफान की मार हिमाचल में भी देखने को मिल रही है।
यहां मंगलवार को भी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा बुधवार को भी मौसम काफी खराब है और बारिश होने के आसार बने हुए हैं। अभी भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे मैचों की सीरिज एक एक से बराबर है।
ऐसे में भारत की धर्मशाला वनडे जीतकर बढ़त कायम करने की उम्मीदों को बारिश से झटका लग सकता है। हांलाकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 अक्टूबर को मौसम साफ रह सकता है। लेकिन एकाएक बदले मौसम के मिजाज से क्रिकेटप्रेमियों को निराशा हाथ लग सकती है।
एचपीसीए ने की तैयारी
वहीं, मैच के दौरान बारिश से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने पूरी तैयारी भी कर ली है। यदि यहां मैच में हल्की बारिश होती है तो उसका ज्यादा असर मैच पर नहीं पड़ने दिया जाएगा।
आधुनिक तकनीक के जरिए पानी को मैदान से बाहर निकाला जाएगा। पहले राजनीतिक कारणों से भी इस वनडे मैच के न होने की अटकलें लगाई जा रही थी। मगर बाद में जैसे ही सरकार ने सहयोग की बात कही तो क्रिकेटप्रेमियों को करीब दो साल बाद अपने पसंदीदा सितारे खेलने देखने का मौका मिल गया।
फिलहाल क्रिकेट प्रेमी यही उम्मीद कर रहे हैं कि यहां की उछाल भरी पिच पर टीम इंडिया बेहतर प्रदर्शन करेगी और सीरिज में बढ़त कायम करेगी।
हिमाचली नाटियों के साथ्ा शुरू होगा मैच
वहीं, भारत और वेस्ट इंडीज के एक दिवसीय मैच के दौरान हिमाचल की संस्कृति भी विश्व पटल पर प्रसारित की जाएगी। एचपीसीए ने वन डे मैच का शुभारंभ ही गिनीज बुक में दर्ज होने जा रही कुल्लवी सहित सिरमौरी नाटी के प्रस्तुतिकरण के साथ करने का फैसला लिया है।
यानी, वन डे मैच के दौरान हिमाचली संस्कृति को विश्व पटल पर लाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। मैच के 50 ओवर के बाद भी मैदान पर हिमाचली कलाकार नाटियां डालकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। यानी, पूरा वन डे मैच हिमाचली रंग में रंग जाएगा।
वन डे मैच का विश्व भर में प्रसारण होने के कारण हिमाचली संस्कृति अंतरराष्ट्रीय फलक पर होगी। एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि वन डे मैच के शुभारंभ पर हिमाचली कलाकार कुल्लवी और सिरमौरी नाटियां डालकर दर्शकों और मेहमानों का अभिनंदन करेंगे।
मैच के साथ लाइव दिखेगी कुल्लवी नाटी
प्राइड ऑफ कुल्लू से लिम्का बुक रिकार्ड में नाम दर्ज करवा चुकी कुल्लवी नाटी को अब दुनिया भर के लोग अपने टीवी सेट के माध्यम से देख पाएंगे। 17 अक्तूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मैच के दौरान कुल्लू के दल को नाटी पेश करने के लिए बुलाया गया है।
इसके लिए एचपीसीए की ओर से यहां के लोक कलाकारों को निमंत्रण भेजा गया है। खबर की पुष्टि एचपीसीए के प्रवक्ता संजय शर्मा ने की है। यह पहला मौका होगा जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान हिमाचल के लोक नृत्य को पूरा विश्व देखेगा। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के दौरान 8760 महिलाओं ने एक साथ लोकनृत्य पेश कर लिम्का बुक रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है।
वहीं प्रशासन इस लोक नृत्य को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज करवाने के लिए भी प्रयास कर रहा है। कुल्लवी नाटी को मिली सफलता के बाद अब एचपीसीए ने भी कुल्लू के दल को अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान प्रस्तुतियां देने के लिए बुलाया है। जैसे ही कुल्लवी नाटी धर्मशाला के अंतरराष्टीय स्टेडियम में शुरू होगी उसे पूरा विश्व टीवी पर लाइव देख पाएगा। यह पहला मौका होगा जब किसी लोक नृत्य को क्रिकेट मैच के दौरान पूरा विश्व देखेगा।