पहाड़ों पर ताजा हिमपात, शिमला समेत कई इलाकों में भारी बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम ने एकाएक मिजाज बदल दिया है। करीब एक हफ्ते तक गर्मी का प्रकोप झेल रहे पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। वहीं, निचले इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। शिमला समेत प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बुधवार सुबह से ही जोरदार बारिश हो रही है।
वहीं, प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। रोहतांग, कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों, लाहौल स्पीति, चंबा और किन्नौर के जनजातीय इलाकों में सुबह से ही बर्फ गिर रही है। इससे इन इलाकों में ठंड फिर लौट आई है।
वहीं, मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। किसानों ने भी सूखे से राहत ली है। कुछेक इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हुई है जिससे फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। शिमला और इसके आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला अभी जारी है।
पढ़िए कब तक खराब रहेगा मौसम
तेज हवाएं चलने से हिमाचल में मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश में अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र शिमला ने सात अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है।
मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.0, शिमला में 23.9, धर्मशाला में 27.4, सुंदरनगर में 31.3, भुंतर में 31.0, सोलन में 29.5, नाहन में 24.8, कल्पा में 19.4, हमीरपुर में 34.5, बिलासपुर में 34.4, मंडी में 31.2, मनाली में 23.0 और कांगड़ा में 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौैसम केंद्र शिमला ने आठ अप्रैल से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।