यात्री जरा ध्यान दें, हो रही है बस हड़ताल, इस दिन से थम जाएंगे पहिये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किराया बढ़ोतरी की मांग को लेकर 21 जून को सूबे में निजी बसों के पहिये थम जाएंगे। निजी बस ऑपरेटरों ने 21 जून को सांकेतिक रूप से प्रदेश भर में निजी बसें न चलाने का एलान किया है। घुमारवीं में प्रदेश भर के सैकड़ों बस ऑपरेटरों की बैठक में यह फैसला लिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों को सरकार ने नहीं माना तो 27 जून से यूनियन बेमियादी हड़ताल को मजबूर होगी। बैठक यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष राजेश पराशर की अध्यक्षता में हुई।
निजी बस ऑपरेटरों का कहना है कि सरकार की गलत नीतियों के चलते बस ऑपरेटर कंगाली की हालत में पहुंच गए हैं। सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नाम पर निजी बस के रूट आवंटित किए गए। युवाओं ने बैंकों से लाखों का ऋण लेकर वाहन खरीद लिए। कंडक्टर और ड्राइवर पद के रोजगार का भी सृजन किया लेकिन अब उनके लिए खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रति किलोमीटर एक रुपया 45 पैसे किराये की दर उस समय निर्धारित की गई थी जब डीजल के दाम 46 रुपये प्रति लीटर थे। न्यूनतम किराये की दर भी 3 रुपये की गई। लेकिन वर्तमान में डीजल के दाम 70 रुपये है, जबकि किराये में कोई वृद्धि नहीं की गई है। यूनियन ने मांग की है कि न्यूनतम किराया हरियाणा और पंजाब की तर्ज पर 10 रुपये निर्धारित किया जाए। सामान्य किराये में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी समय की मांग है। यूनियन ने निजी बस ऑपरेटरों पर पूर्व सरकार द्वारा लगाए गए ग्रीन टैक्स को हटाने की मांग की है।
इसी तरह से पांच वर्ष से अधिक पुरानी बसों को हटाने संबंधी निर्णय को भी वापस लेने की मांग उठाई है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश पराशर ने कहा की संघ 21 जून को प्रदेश भर में सांकेतिक रूप से सभी निजी बसें बंद रखेगा। इस हड़ताल में प्रदेशभर के 400 से अधिक बस ऑपरेटर अपनी 3500 से अधिक बसों को रूट पर नहीं चलाएगा।
यह भी निर्णय लिया गया है कि यदि 21 जून तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 27 जून से निजी बस ऑपरेटर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने के लिए विवश होंगे। इस अवसर पर संघ के प्रदेश महासचिव रमेश कमल, जिला बिलासपुर के प्रधान राजेश पटियाल, महासचिव राहुल चौहान, जिला कांगड़ा प्रधान हैप्पी अवस्थी, वीरेंद्र गुलेरिया, मंडी
मामराज शर्मा, सिरमौर भारत भूषण, विजय ठाकुर, राजकुमार, श्याम लाल वशिष्ठ, दिनेश सैनी, पंकज दत्ता, जितेंद्र राणा, वीरेंद्र राणा, रोशन ठाकुर, श्याम गुप्ता, अजय परिहार, विनय द्विवेद, रणवीर सेन, अमरजीत, हरगोपाल भंडारी, चमन शर्मा, दीपक कौशल, राजेश शर्मा, वीरेंद्र चंदेल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से निजी बस ऑपरेटर बड़ी संख्या में उपस्थित थे।