पैट टीचर्स ने सचिवालय के बाहर किया प्रदर्शन, करेंगे चुनावों का बहिष्कार
प्राथमिक सहायक शिक्षक संघ ने राज्य सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। 14 साल से सेवाएं देने के बावजूद नियमित नहीं होने पर निराश शिक्षकों ने विधानसभा चुनावों में किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करने का फैसला लिया है।
संघ ने एकजुट होकर कहा कि प्रदेश में नियुक्त 3406 प्राथमिक सहायक शिक्षक और उनके परिवार विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
सचिवालय के बाहर छोटा शिमला स्थित बस स्टॉप पर शिक्षकों को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष नारायण हिमराल ने कहा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कई बार नियमित करने का आश्वासन दे चुके हैं।
बावजूद इसके अफसरशाही फाइल को दबाए बैठी है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष कई बार नियमित करने की मांग उठाई गई है।
कहा, जल्द नियमित नहीं किया तो सड़कों पर उतरेंगे 3400 शिक्षक
मुख्यमंत्री कई कार्यक्रमों में सार्वजनिक तौर पर पैट को नियमित करने की बात कह चुके हैं, लेकिन शिक्षकों के प्रति अफसरों का रवैया नकारात्मक है। साल 2016- 17 के बजट में सरकार ने शिक्षकों का वेतन नियमित शिक्षकों के बराबर बढ़ाने का फैसला लिया था, लेकिन अफसरों ने जब इसकी अधिसूचना जारी की तो वेतन को फिक्स कर दिया गया।
अफसरशाही ने बजट के फैसले को दरकिनार कर यह फैसला लिया। कहा कि अफसरशाही का अगर यही रवैया रहा तो शिक्षक सड़क पर उतरकर अफसरों का घेराव करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
उन्होंने सरकार से कैबिनेट की इस माह प्रस्तावित बैठक में प्राथमिक सहायक शिक्षकों को नियमित करने का फैसला लेने की मांग की।
कुलदीप ठाकुर, नारद ठाकुर, सुरेंद्र शर्मा, खूबराम, महेंद्र और आत्माराम ने भी संबोधित किया। पदाधिकारियों ने कहा अगर प्राथमिक सहायक शिक्षकों की यूं ही अनदेखी जारी रही तो विधानसभा में कोई भी शिक्षक और उनके परिवार मतदान नहीं करेंगे।