फारका की ताजपोशी के साथ ही हिमाचल में बड़े फेरबदल की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्य सचिव पद पर वीसी फारका की ताजपोशी के साथ ही हिमाचल में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार पद पर टीजी नेगी के तैनात होने से राज्य चुनाव आयुक्त का पद खाली हो गया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत चौधरी व उपमा चौधरी ने भी छुट्टी का आवेदन किया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक सानन पहले ही लंबी छुट्टी पर हैं। तीनों अधिकारियों के दोबारा जल्द ज्वाइन करने की फिलहाल कोई संभावना नहीं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान पहले ही निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के अध्यक्ष पद के लिए आवेदन कर चुके हैं। ऐसे में उनके पद के खाली होने की प्रबल संभावना है। सूत्रों की मानें तो फारका के पदभार ग्रहण करने के बाद सबसे ज्यादा उपकृत होने वालों में तरुण श्रीधर का नाम सबसे ऊपर है।
उनके अलावा पीसी धीमान को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। श्रीकांत बाल्दी, नरेंद्र चौहान, मनीषा नंदा, संजय गुप्ता व आरडी धीमान को भी नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। जिलों की कमान भी नए चेहरों के हाथों में दी जा सकती है। ऐसा इसलिए भी हो सकता है क्योंकि सरकार को अगले साल चुनाव में उतरना है।
वीसी फारका चुनेंगे नियामक आयोग का नया अध्यक्ष
निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग का नया अध्यक्ष कौन होगा? इसको लेकर एक-दो दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट होगी। नए मुख्य सचिव वीसी फारका की अध्यक्षता में अब चयन कमेटी का गठन होगा। बुधवार को फारका पद संभालेंगे।
ऐसे में संभावित है कि बुधवार या वीरवार को आयोग के अध्यक्ष पद को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग जाएगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान आयोग के अध्यक्ष पद की दौड़ में अभी तक सबसे आगे चल रहे हैं। पीसी धीमान चयन कमेटी के सदस्य भी हैं।
ऐसे में आने वाले दिनों में चयन कमेटी में बदलाव होने की संभावना भी जताई जा रही है। निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के एक्ट के मुताबिक मुख्य सचिव चयन कमेटी के अध्यक्ष हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा कमेटी के सदस्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव तकनीकी शिक्षा चयन कमेटी के सदस्य हैं।
इन्हीं तीन अफसरों की कमेटी द्वारा आयोग के अध्यक्ष पद के लिए आवेदकों की छंटनी की जाती है। ऐसे में पीसी धीमान का चयन कमेटी का सदस्य होने के साथ-साथ आयोग के अध्यक्ष पद के लिए आवेदक होना विरोधाभासी है। संभावित है कि चयन कमेटी में पीसी धीमान की जगह किसी अन्य को शामिल किया जाएगा।
आयोग के अध्यक्ष पद के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान के अलावा निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी, वर्तमान में आयोग के सदस्य सुनील शर्मा, एडीजीपी सीआईडी बीएनएस नेगी, पूर्व आईएफएस अधिकारी आरके गुप्ता, पूर्व आईएएस अधिकारी अजय भंडारी सहित कई अन्य अफसरों ने भी आवेदन किया है।