रामदेव मामले में सीएम का यूटर्न, फैसलों से पलटना उनकी आदत: धूमल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि अपने निर्णयों को पलटना मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की आदत बन गई है। बेरोजगारी भत्ते का मुद्दा जब विपक्ष ने सदन में उठाया तो सीएम का जवाब था कि चुनाव घोषणापत्र उन्होंने नहीं, बल्कि अनुभवहीन लोगों ने बनाया था।
धूमल ने सवाल किया है कि वे बताएं कि घोषणापत्र कमेटी में अनुभवहीन लोग कौन थे? पूर्व भाजपा सरकार ने बाबा रामदेव को जमीन लीज पर जनहित को ध्यान में रखते हुए दी थी। इससे प्रदेश के बेरोजगारों और किसानों-बागवानों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलना था।
कांग्रेस ने सत्ता में आते ही बिना तथ्यों को जानकर लीज रद्द कर दी। चार साल बाद अब सरकार ने जमीन बाबा रामदेव को वापस करने का निर्णय लेते हुए अपने ही फैसले पर यूटर्न ले लिया। सुंदरनगर में प्रेसवार्ता में धूमल बोले - सवा चार साल तक मामले को अकारण घसीटने की कोई आवश्यकता नहीं थी।
अब सरकार भूमि बाबा रामदेव को सौंपकर अपनी गलती सुधारने का प्रयास कर रही है। यहां चार साल पुलिस की तैनाती कर सरकार ने करोड़ों रुपये फूंक दिए। इसका जिम्मेवार कौन है?। कहा कि जब भाजपा सरकार ने इस संस्था से एमओयू साइन किया था तो उसमें प्रदेश में पैदा होने वाली पंद्रह जड़ी-बूटियां खरीदने के साथ एप्पल कंस्ट्रेट, गोमूत्र, गाय का दूध खरीदने की सहमति बनी थी।
लीज रद्द होने पर इससे किसानों-बागवानों सहित पशुपालकों को नुकसान उठाना पड़ा है। इसके पीछे सरकार को साबित करना होगा कि दोषी कौन है? कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के जिस भी क्षेत्र में जा रहे हैं, वहीं तहसील या उपमंडल की घोषणा कर रहे हैं। आलम यह है कि तहसील तो शुरू हो गई, लेकिन यहां कर्मचारियों की तैनाती नहीं है। मात्र आठ पटवार सर्कल पर एसडीएम कार्यालय खोल दिए।
एक विधानसभा क्षेत्र में ही दो-दो एसडीएम कार्यालय खोल दिए हैं। तीन महीने पूर्व की सूचना के अनुसार प्रदेश में 45 तहसीलदार तथा 29 नायब तहसीलदार के पद रिक्त थे। अब हालत यह है कि तहसीलें चपरासी और चौकीदार चला रहे हैं।
धूमल ने बताया, सरकार बनाने में इस वर्ग का अहम योगदान
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के दो दिवसीय राज्य स्तरीय अभ्यास वर्ग का पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शुभारंभ किया। धूमल ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम का दलित वोट हासिल करने के लिए ही इस्तेमाल किया है। कांग्रेस ने 60 साल के शासनकाल में इस वर्ग के लोगों के कल्याण को कुछ नहीं किया।
इसके विपरीत पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारतरत्न की उपाधि से नवाजा गया। वर्तमान नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने डॉ. अंबेडकर से जुड़े स्थानों को पंच तीर्थ स्मारक के माध्यम से उनके देश के लिए दिए योगदान को कृतज्ञता से याद किया है।
कहा कि प्रदेश में सरकार बनाने में अनुसूचित जाति वर्ग का अहम योगदान होता है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 50 प्लस का टारगेट रखा है। मोर्चा से जुड़े लोग भाजपा की नीतियों एवं कार्यक्रमों को हर घर तक पहुंचाएं तो 60 प्लस के अनुसूचित जाति मोर्चा के सपने को साकार होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर पांच कार्यकर्ता के लक्ष्य को जल्द हासिल करने का आह्वान किया।
एससी मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. सिकंदर कुमार ने आश्वस्त किया कि वह भाजपा के 50 प्लस लक्ष्य को 60 प्लस करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इस दौरान सांसद रामस्वरूप शर्मा, वीरेंद्र कश्यप, पवन राणा, कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, अजय राणा, राकेश जम्वाल, नितिन कुमार, रूप सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस सरकार के खिलाफ 100 रैलियां करेगी भाजपा
चुनावी साल शुरू होने के साथ ही भाजपा ने प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को घेरने की कवायद शुरू कर दी है। मंत्रियों के खिलाफ राज्यपाल को चार्जशीट सौंपने के बाद अब पार्टी विधानसभावार चार्जशीट तैयार कर सरकार के भ्रष्टाचार की जानकारी राज्यपाल को सौंपेगी।
पार्टी के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए दो स्तरीय रणनीति बनाई है। इसके तहत जहां एक ओर माफिया राज हटाओ हिमाचल प्रदेश बचाओ अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 100 रैलियां की जाएंगी। वहीं हर विधानसभा क्षेत्र की अलग-अलग चार्जशीट बनाकर राज्यपाल को सौंपी जाएगी। शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले चार सालों से माफिया राज चल रहा है।
लेकिन, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लगता है कि उनके संरक्षण में ही यह सब चल रहा है। इसलिए माफिया राज को उजागर करने की दृष्टि से भाजपा ‘माफिया राज हटाओ हिमाचल प्रदेश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत 100 रैलियां करेगी। इसकी शुरुआत 21 फरवरी को बिलासपुर से की जाएगी। 22 फरवरी को कुल्लू, 23 को सरकाघाट, 26 को गगरेट, 27 को सुजानपुर, 4 मार्च को पांवटा साहिब और 5 मार्च को सोलन में रैलियां तय की गईं हैं।
इन रैलियों को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रो प्रेम कुमार धूमल व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, स्थानीय सांसद, विधायक एवं अन्य नेता संबोधित करेंगे। शर्मा ने आरोप लगाया कि वीरभद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी व भ्रष्ट सरकार है। अब भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और निकम्मेपन के स्थानीय मुद्दों को लेकर विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से 25 मार्च तक चार्जशीट बनाएगी और स्थानीय एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को प्रेषित करेगी।