बर्फबारी को लेकर जनवरी में 11 साल बाद फिर बने ऐसे आसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कई इलाकों में भले ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है, लेकिन बर्फबारी और बारिश के लिए कई इलाके तरस गए हैं। प्रदेश में इस बार जनवरी माह में बारिश-बर्फबारी न होने के आसार बन गए हैं।
मौसम विभाग की मानें तो 21 जनवरी तक सूबे में मौसम साफ रहेगा। आगे भी बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं है। यदि ऐसा होता है तो राजधानी शिमला में 11 वर्ष बाद जनवरी माह सूखा जाएगा। इससे पहले 2007 के जनवरी महीने में शिमला में न बारिश हुई थी और न ही बर्फबारी।
अब भी ऐसे ही हालात बन रहे हैं। मौसम के इस बदले मिजाज ने प्रदेश में किसानों-बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। चिलिंग ऑवर्स पूरे न होने के कारण हजारों करोड़ के सेब कारोबार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। गेहूं की फसल भी सूखने लगी है।
दिसंबर में प्रदेश के कुछ ही क्षेत्रों में सामान्य से काफी कम बर्फबारी हुई है। शिमला में तो इस सीजन में अभी तक बर्फ ही नहीं गिरी है। इसी बीच, सूबे में तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। दिन के समय चटक धूप के चलते अब तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है।
शिमला में सामान्य से छह डिग्री अधिक पारा
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य की तुलना में दो से तीन डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी होगी। उधर, जनजातीय इलाकों समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में अभी भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
रविवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 7.0, कल्पा में माइनस 1.2, मनाली में माइनस 0.4, सुंदरनगर में 0.7 और भुंतर में 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 5.7, धर्मशाला में 6.2, डलहौजी में 5.3, पालमपुर में 4.0, नाहन में 5.5, ऊना में 3.7 और सोलन में 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी शिमला में सोमवार को अधिकतम पारा सामान्य से छह डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। जनवरी महीने में सामान्य तौर पर शिमला का अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री रहता है। सोमवार को शिमला में अधिकतम पारा 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
शिमला में जनवरी में कब कितनी बर्फबारी
साल बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
2009 8.7
2010 1.8
2011 8.5
2012 95.0
2013 63.6
2014 25.3
2015 10.2
2016 3.3
2017 82.7
2018 (अब तक) 00.0
जनवरी में इतने फीसदी कम बरसे बादल
हिमाचल में जनवरी महीने में अभी तक सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश रिकार्ड हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक जनवरी में 15 तारीख तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 40.6 मिलीमीटर बारिश होती रही है लेकिन इस साल इस अवधि में मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और ऊना जिला में बिल्कुल भी बारिश रिकार्ड नहीं हुई। सोलन और चंबा में 98 फीसदी कम और किन्नौर, कुल्लू, मंडी और शिमला में 99 फीसदी कम बारिश रिकार्ड हुई।