Himachal Politics: प्रतिभा सिंह बोलीं- हर्ष महाजन ने तोड़ा कांग्रेस का विश्वास
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हर्ष महाजन ने कांग्रेस का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने पार्टी की पीठ पर वार किया है। प्रदेश की जनता महाजन को कभी माफ नहीं करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि हर्ष महाजन ने कांग्रेस का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने पार्टी की पीठ पर वार किया है। प्रदेश की जनता महाजन को कभी माफ नहीं करेगी। बुधवार को शिमला में जारी बयान में प्रतिभा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह ने हर्ष महाजन के मान-सम्मान में कभी कोई कमी नहीं रखी। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने पर हैरानी जताई। कहा कि कांग्रेस ने उन्हें हर स्तर पर मान-सम्मान दिया। आज जब पार्टी को उनकी जरूरत थी और प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं तो उनका पार्टी को छोड़ना हैरान करता है।
उन्होंने महाजन की ओर से दिल्ली की तरह प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में मां और बेटे का ही राज चलने का बयान देने को आपत्तिजनक और गैर जिम्मेदाराना करार दिया। कहा कि कांग्रेस ने सदैव उन्हें चुनाव लड़ने को कहा, पर वह चुनावों से भागते रहे। बावजूद उसके उन्हें कांग्रेस सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे मनोबल के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीतिक कर विपक्षी दलों की तोड़फोड़ कर रही है।
कांग्रेस ने की अमृत महोत्सव के आयोजन पर रोक लगाने की मांग
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर प्रदेश में हो रहे आजादी के 75वें महोत्सव के आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की है। विधानसभा चुनाव नजदीक होने और सरकारी कार्यक्रमों को चुनावी रैली में तबदील करने का हवाला देते हुए कांग्रेस ने चुनाव आयोग से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवेंद्र बुशैहरी ने कहा कि इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आजादी महोत्सव की बात करने की जगह भाजपा का प्रचार अधिक कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में सरकारी मशीनरी का खुला दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने हिमाचल में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को देखते हुए आजादी के 75वें अमृत महोत्सव कार्यक्रमों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस हो रही एक : आप
पवन काजल, लखविंद्र राणा के बाद अब कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस पर तंज कसा है। आप ने कहा कि विधानसभा चुनाव के चलते हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस अब एक होने जा रही हैं। दोनों पार्टियों के नेता इधर-उधर जा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेता कंडीशन में इधर से उधर जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी में कंडीशन वाली व्यवस्था नहीं है।
साफ छवि के लोगों को ही पार्टी में शामिल किया जाता है। भाजपा और कांग्रेस के साफ छवि के नेता आप के संपर्क में हैं। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद कई नेता आम आदमी पार्टी का दामन थामने वाले हैं। कई नेताओं की दिल्ली में पार्टी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो चुकी है। कहा कि आम आदमी पार्टी ने हिमाचल में डोर टू डोर प्रचार शुरू कर दिया है। केजरीवाल की गारंटियों के बारे में जनता को अवगत कराया जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस, पार्टी में टिकटों को लेकर मंथन चल रहा है।