सड़क सुविधा से जुड़ेंगे हिमाचल के 54 गांव, 900 करोड़ का है प्रोजेक्ट
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में प्रदेश के 54 गांवों को सड़क से जोड़ा जाएगा। इन गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए पीएमजीएसवाई स्टेज दो में 900 करोड़ का प्रोजेक्ट केंद्र की मंजूरी को भेजा है। इस प्रोजेक्ट में नई सड़कों और पुलों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही स्टेज दो की पुरानी सड़कें पक्की की जानी प्रस्तावित हैं। कई सड़कों को अपग्रेड किया जाएगा।
पीएमजीएसवाई स्टेज दो के तहत नौ सौ करोड़ का प्रोजेक्ट सरकार ने तैयार कर स्वीकृति के लिए केंद्र को भेजा है। इस प्रोजेक्ट को लेकर 24 अक्तूबर को दिल्ली में अधिकारियों की एक अहम बैठक है। इसमें इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलेगी। इससे बाद प्रदेश के 54 गांवों को भी सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पक्की की जानी हैं छूटी हुई सड़कें
सरकार प्रोजेक्ट के तहत वर्ष 2000 से चल रही पीएमजीएसवाई स्टेज एक की छूटी हुई सड़कों को पक्का करेगी। कच्ची सड़कों को अपग्रेड भी किया जाएगा। 54 नए गांवों को सड़क से जोड़ने के अलावा सात नए पुल बनने हैं।
केंद्र और राज्य की कितनी हिस्सेदारी रहेगी
पीएमजीएसवाई स्टेज दो के तहत बनने वाली सड़कों पर खर्च कुल राशि में से 90 फीसदी राशि केंद्र और दस फीसदी राशि राज्य सरकार को देनी है।
कितनी जनसंख्या के कितने गांवों को मिलेगी सड़क
राज्य के एक हजार आबादी के एक गांव, 500 से अधिक जनसंख्या के 7 गांव, 250 से अधिक आबादी के 23 गांव और गांवों के 23 क्लस्टर को भी पीएमजीएसवाई के तहत सड़क सुविधा दी जानी है।
क्या कहते हैं लोनिवि ईएनसी
लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ आरपी वर्मा ने कहा कि पीएमजीएसवाई स्टेज दो के तहत 900 करोड़ का प्रोजेक्ट मंजूरी को भेजा है। इस संबंध में 24 को दिल्ली में बैठक बुलाई गई है।