गुड न्यूज! अब सिर्फ पांच मिनट में ट्रांसफर हो जाएगा आपका पैसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पैसा ट्रांसफर करना अब और आसान हो गया है। लोग मोबाइल फोन के जरिये भी पांच मिनट में एक जगह से दूसरी जगह पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे। डाक विभाग ने हिमाचल के 150 डाकघरों में मोबाइल मनी ट्रांसफर सेवा शुरू की है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों, उपमंडल और तहसीलों में स्थित डाकघरों में इस सेवा का लोग लाभ उठा सकते हैं।
न्यूनतम एक हजार से लेकर अधिकतम दस हजार रुपये तक की राशि को मोबाइल फोन से ट्रांसफर किया जा सकेगा। एक दिन में लेन-देन की संख्या पर कोई सीमा नहीं है। 1000 से 1500 रुपये भेजने के लिए 46 रुपये अतिरिक्त शुल्क लगेगा। 1501 से 5000 रुपये तक 70 और 5001 से 10000 रुपये तक भेजने के लिए 114 रुपये का शुल्क चुकाना पड़ेगा।
14 दिन के भीतर कभी भी ले सकते हैं पैसा
प्राप्त कर्ता को लेन-देन के 14 दिन के भीतर पैसा लेना होगा। यदि प्राप्त कर्ता 14 दिन में पैसा नहीं लेता है तो पैसा भेजने वाले को वापस भेज दिया जाएगा। इसके लिए पैसा भेजने वाले को पैसा वापस प्राप्त करने का एसएमएस नए लेन-देन आईडी के साथ भेजा जाएगा। इस मैसेज के बाद निर्धारित सात दिन के भीतर पैसे वापस लिया जा सकता है। डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर शिमला मंडल बिशन सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
ऐसे कर सकेंगे मनी ट्रांसफर
मोबाइल फोन से पैसा ट्रांसफर करने वाले व्यक्ति का संबंधित डाकघर में खाता होना जरूरी नहीं है। रुपये भेजने के लिए मोबाइल यूजर को नजदीकी डाकघर में जाकर फार्म में आवश्यक जानकारी देनी होगी। भेजे जाने वाली राशि को जमा करवाना होगा। रुपये पाने वाले का मोबाइल नंबर संबंधित डाकघर में बताना पड़ेगा। डाकघर के अधिकारी अपने पास विशेष किस्म की डिवाइस में रुपये भेजने वाले और पाने वाले का मोबाइल नंबर फीड करेंगे।
ये करनी होंगी औपचारिकताएं
पैसा भेजने वाले व्यक्ति को डाकघर में जाना होगा। जिस व्यक्ति का पैसा भेजना है, उसका नाम, पता और मोबाइल नंबर देना होगा। इन औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद डाकघर से संबंधित को राशि भेज दी जाएगी।
राशि भेजते ही इसका मैसेज राशि भेजने वाले और प्राप्त करने वाले व्यक्ति के मोबाइल फोन पर आ जाएगा। मैसेज में एक कोड दिया जाएगा। मैसेज मिलने के बाद राशि प्राप्त करने वाले व्यक्ति को नजदीकी डाकघर में जाकर वह संदेश और कोड दिखाकर राशि मिल जाएगी।