शिमला से बड़ी खबर: पब्बर नदी में नहाते समय डूबे दो किशोर, एनडीआरएफ की टीम ने शुरू की तलाश
शिमला जिले के रोहड़ू में पब्बर नदी में नहाते समय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में पढ़ने वाले दो 16 वर्षीय किशोर डूब गए। हादसे की सूचना मंगलवार रात को मिली। शिवेन रोशन निवासी करासा और सक्षम निवासी बनोटी की तलाश में पुलिस-प्रशासन ने अभियान शुरू किया। नदी में दोनों का पता लगाने के लिए शिमला से एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में पढ़ने वाले दो 16 वर्षीय किशोर मंगलवार को पब्बर नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। देर रात तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और 16 वर्षीय सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी पब्बर नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
दोनों किशोरों की तलाश के लिए स्थानीय स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया। नदी में पानी का बहाव अधिक होने के कारण तलाश अभियान में दिक्कतें भी आ रही हैं। प्रशासन ने अब शिमला से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया है। एनडीआरएफ के जवान नदी में दोनों किशोरों की तलाश कर रहे हैं।
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्र ने बताया कि हादसे की सूचना मंगलवार रात को मिली थी। दोनों किशोरों की तलाश जारी है और शिमला से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। नदी में संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।