हिमाचल में सॉफ्टवेयर पर दर्ज होंगे सिपाही भर्ती साक्षात्कार के अंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
30 सितंबर से जिलों में शुरू होने वाले सिपाही भर्ती साक्षात्कार प्रक्रिया से पहले सभी जिला भर्ती कमेटियों को पुलिस मुख्यालय में ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें उस सॉफ्टवेयर के काम की जानकारी दी जाएगी, जिसके आधार पर साक्षात्कार के दौरान वह अंक दर्ज करेंगे।
इसमें सभी रेंज के डीआईजी और जिलों के एसपी के अलावा संबंधित भर्ती कमेटी के अन्य सदस्य शामिल होंगे। खास बात यह है कि एक अभ्यर्थी के अंक दर्ज होने के बाद ही दूसरे अभ्यर्थी का पेज खुलेगा। इससे यह तय है कि जो नंबर दर्ज होंगे, उन्हें बदला नहीं जा सकेगा।
दरअसल, पहली बार पुलिस मुख्यालय ने सिपाही भर्ती की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की कवायद की है। इसी के तहत इस बार ऑनलाइन आवेदन लेने के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंक भी सॉफ्टवेयर की मदद से सीधे सर्वर में दर्ज किए गए।
लिखित परीक्षा का भी पूरा डाटा सर्वर में रिकॉर्ड किया गया है। अब अंतिम चरण में साक्षात्कार के अंकों को भी पेन या पेंसिल से कागज पर दर्ज करने के बजाय सीधे सॉफ्टवेयर में दर्ज किया जाएगा।
15 अंक का होगा साक्षात्कार
डीजीपी सीताराम मरडी ने बताया कि पहली बार कोशिश की है कि हर चरण में पारदर्शिता को शत प्रतिशत बनाए रखा जाए। कहा कि लिखित परीक्षा में नकल की कोशिश को रोकने के बाद इस बार जैमर लगाकर आधुनिक तकनीक की मदद से होने वाली नकल की आशंका को भी खत्म किया गया है।
अब साक्षात्कार के दौरान भी किसी गड़बड़ी की आशंका को शून्य करने का प्रयास किया गया है। अब जो नंबर एक बार दर्ज हो जाएंगे, वह बदल नहीं सकेंगे।1063 पदों के लिए चल रही सिपाही भर्ती का पर्सनैलिटी टेस्ट 15 अंक का होगा।
इन अंकों के बाद चयनित अभ्यर्थी की अंतिम सूची जारी की जाएगी। साक्षात्कार के लिए 12,705 ने लिखित परीक्षा पास की है। पीएचक्यू पहले ही सभी जिलाें की भर्ती कमेटियों के चेयरमैनों को निर्देश दे चुका है कि वे जिलों में टेस्ट शेड्यूल जारी कर दें।