वाह खाकी, चोरी हुई बाइक का काट दिया चालान
यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने एवं सड़क हादसों का ग्राफ कम करने के नाम पर पुलिस अपनी मनमानी पर उतर आई है। वाहन चालक को बिना बताए पुलिस प्रशासन नंबरी चालान में जुटी हुई है और वाहन मालिक को तब पता चलता है जब डाकिया उसके घर चालान कापी लेकर पहुंचता है।
जानकारी के अनुसार भगानी पंचायत के उपप्रधान राजीव कोहली, ललित कुमार, भगतराम, देवराज आदि के मुताबिक काले रंग की हीरोहोंडा स्पलेंडर प्लस बाइक नंबर एचपी17बी-4965 जो कि 25 जुलाई को पांवटा शहर से चोरी हुई थी।
बाइक का पता न चल पाने के बाद वाहन मालिक ललित कुमार ने 7 अगस्त को पांवटा थाने में बाइक चोरी होने पर एफआईआर दर्ज करवा था लेकिन पुलिस करीब चार महीने बाद बाइक का कोई सुराग तो नहीं लगा पाई, बल्कि पुलिस ने 4 नवंबर को उल्टा एफआईआर दर्ज कराने वाले मालिक के नाम चालान काट कर मुकदमा फौजदारी नंबर 491 थमा दिया है।
चोर पकड़ा नहीं उलटा मालिक को थमा दिया चालान
इससे क्षेत्र के चालक हैरान हैं। इसे पुलिस की लापरवाही कहें या मनमानी। लोगों का रोष है कि पुलिस ओवर लोड ट्रैक्टर, ट्रालियों, ट्रकों आदि के वजन एवं स्पीड के मापदंड पर ध्यान नहीं दे रही है। तेज रफ्तार वाहनों पर भी पुलिस का कोई अंकुश नहीं है।
पांवटा डीएसपी योगेश रोल्टा ने कहा कि पुलिस दोपहिया वाहनों के साथ-साथ अन्य छोटे बड़े वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच होती रहती है। यदि कोई अनियमितताएं सामने आती हैं तो चालान किया जाता है।
इसके अतिरिक्त ओवरलोड वाहनों के भी चालान किए जाते हैं। फिलहाल चोरी हुई बाइक का चालान कटने का मामला मेरे संज्ञान में आया तो जांच की जाएगी।