‘मैं भी चौकीदार’ ट्वीट करने वालों का मोदी ने किया धन्यवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खुद को चौकीदार बताए जाने के बाद कांग्रेस की ओर से ट्विटर पर शुरू किए गए चौकीदार चोर है अभियान के जवाब में भाजपा ने बड़ा अभियान चलाया। ट्विटर वार में इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक अकाउंट से ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान में भाग लेने की अपील की गई।
पीएम मोदी की अपील के बाद लोगों ने ट्वीट करना शुरू कर दिया और शाम तक लोगों ने इस हैश टैग के साथ चार लाख से ज्यादा ट्वीट कर दिए। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपा आईटी प्रभारी चेतन बरागटा, भाजपा हिमाचल के आधिकारिक अकाउंट समेत प्रदेशभर के कई नेताओं ने मोदी के इस अभियान का समर्थन करते हुए ट्वीट किया।
दिनभर चले अभियान को रफ्तार तब मिली जब दोपहर बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक अकाउंट से ‘मैं भी चौकीदार हैशटैग’ से ट्वीट करने वालों को व्यक्तिगत ट्वीट के जरिये धन्यवाद देना शुरू किया। पीएम मोदी ने धन्यवाद देते हुए कहा कि इस अभियान में शामिल होकर आपने देश को मजबूत व सुरक्षित बनाने में अहम योगदान दिया है।
पीएम मोदी के हैंडल से ट्वीट आने के बाद लोगों में इस हैशटैग के साथ ट्वीट करने का क्रेज और बढ़ गया। भाजपा नेताओं का दावा है कि शाम तक अकेले हिमाचल से ही करीब दस हजार लोगों ने इस हैशटैग के साथ ट्वीट कर दिया।