सचिवालय में अब सीढ़ियों पर बैठ नहीं करना होगा सीएम का इंतजार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने के लिए लोगों को सचिवालय के एलर्जली भवन की सीढ़ियों पर बैठकर या खडे़-खड़े घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेेगा। राज्य सचिवालय में आने वाले लोगों की मुख्यमंत्री से मुलाकात की सारी व्यवस्था बदलने वाली है।
आम लोगों और प्रतिनिधिमंडलों के लिए एलर्जली भवन की बेसमेंट के साथ वाले हाल में कुर्सियां लगाई गई हैं। सीएम अपने कार्यालय में लगी लिफ्ट से उतरकर हाल में पहुंचेंगे। यहां अपनी कुर्सी पर बैठकर बारी-बारी सबकी समस्याएं सुनेंगे।
सोमवार को भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बड़ी संख्या में प्रतिनिधिमंडल और लोग मिलने पहुंचे। किसी को अपना तबादला करवाना था तो किसी की कोई और समस्या थी। सैकड़ों लोगों को सीएम से बारी-बारी से मिलने में काफी वक्त लग गया।
वीआईपी को बैठाने के लिए अलग कक्ष
ऐसे में कुछ लोग हमेशा की तरह कतारों में लगे थे तो कुछ लोग सचिवालय के गेट पर खडे़ थे। बाकी जो लोग खडे़-खडे़ थक गए, वह इस एलर्जली भवन की ऊपरी मंजिल को जाने वाली सीढ़ियों पर बैठे रहे।
इस भीड़-भड़क्के के बीच मंत्रियों और अधिकारियों को भी सीएम जयराम ठाकुर से मिलने जाना हो तो धक्का-मुक्की के बीच से ही जाना होता है। सोमवार को भी कुछ ऐसी ही स्थिति रही। आने वाले दिनों में ऐसा नहीं होगा।
वीआईपी को बैठाने के लिए यहां पर अलग से एक छोटा कक्ष बनाया गया है, जिसमें 10 से 15 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। उल्लेखनीय है कि सचिवालय में आम लोगों के लिए पुराना वेटिंग रूम भी है मगर उसमें सीएम के बैठने की इस तरह की कोई व्यवस्था नहीं है।
यह वेटिंग रूम वहां है, जहां गेट पास बनता है। सोमवार को सीएम जयराम ठाकुर ने इस नई व्यवस्था का मुआयना किया। जल्दी से इस हाल में कुर्सियां लगाने को कहा, जिससे इसे शीघ्र शुरू किया जा सके। वह जल्द ही इसका लोकार्पण करेंगे।