18 लाख परिवारों को राहत, डिपुओं में अगले माह से और सस्ती मिलेंगी दालें
हिमाचल के साढ़े 18 लाख परिवारों को दिसंबर माह से सरकारी डिपुओं में दालें और सस्ती मिलेंगी। अगले तीन महीनों के लिए डिपुओं में मिलने वाली सात में से पांच दालों के रेट 5 से दस रुपये कम तय हुए हैं।
टेंडर के बाद अब राज्य सरकार ने कंपनियों को सप्लाई आर्डर जारी करने के लिए चुनाव आयोग से अनुमति मांगी है। हिमाचल सरकार की ओर से सस्ते राशन के डिपुओं में राशनकार्ड धारकों को सात दालें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इनमें उड़द, दाल चना, राजमा, मूंग, काली मसूर, मलका और काबुली चना शामिल हैं। इनमें से उपभोक्ता पसंद की तीन दालें ले सकता है।
इस बार टेंडर में दालों के रेट कम
दालों के सप्लाई ऑर्डर जारी करने की अनुमति के लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों से बात की है। दो-चार दिन में स्वीकृति मिल सकती है। पहले की अपेक्षा इस बार टेंडर में दालों के कम रेट आए हैं। इससे उपभोक्ताओं को सस्ती दालें मिलेंगी। - तरुण कपूर, अतिरिक्त मुख्य सचिव, खाद्य आपूर्ति
दालें मौजूदा रेट नए रेट
उड़द 40 35
दाल चना 50 45
राजमा 55 45
मूंग 40 40
काली मसूर 30 25
मलका 40 30
काबुली चना 70 70