अब आर्मी ट्रेनिंग सेंटर के पास मिली पाकिस्तानी करंसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पठानकोट में एयरफोर्स स्टेशन पर हुए आतंकी हमले के बाद सैन्य क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच देश के एकमात्र 14 जीटीसी (गोरखा ट्रेनिंग सेंटर) सुबाथू के पास पाकिस्तानी करेंसी का 50 रुपये का नोट मिला है। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं।
मंगलवार को गोरखा ट्रेनिंग क्षेत्र की ओर जाने वाले रास्ते पर यह नोट स्थानीय पार्षद सुमित गिल को मिला। पार्षद ने इसकी जानकारी पुलिस के साथ-साथ सेना अधिकारियों को भी दी। सूचना के तुरंत बाद सेना के ट्रेनिंग क्षेत्र के नजदीक चौकसी बढ़ा दी गई है। हालांकि सेना अधिकारी इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार चौकसी रुटीन प्रक्रिया है। डीएसपी परवाणू प्रमोद चौहान ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। पार्षद से भी पूछताछ की गई है। फिलहाल पाक करेंसी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है।
टायर बदलते वक्त मिला नोट
स्थानीय पार्षद सुमित गिल ने बताया कि वे ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल चलाते हैं। सेना के न्यूरेंच जाने वाले मार्ग पर उनकी गाड़ी का टायर पेंचर हो गया। इस दौरान उन्होंने गाड़ी रोकी और टायर बदलने लगे। अचानक उनकी नजर पाक करेंसी पर पड़ी।
देश का एकमात्र गोरखा ट्रेनिंग सेंटर
सोलन के डगशाई, सौली और सुबाथू तीन सैन्य छावनियां हैं। 14 जीटीसी सुबाथू में देश की गोरखा रेजिमेंट के लिए जवान तैयार होते हैं। आर्मी में भर्ती होने के बाद रंगरूटों को सुबाथू में ही प्रशिक्षण दिया जाता है और देश के कोने-कोने में भेजा जाता है।
इससे पहले मंडी में भी मिल चुके हैं नोट
वहीं, मंडी के गोहर के छवाड़ गांव में गुब्बारों के साथ मिली पाकिस्तानी करेंसी को पुलिस फोरेंसिक लैब भेजेगी। फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट के बाद पुलिस यह खुलासा करेगी कि पाकिस्तानी करेंसी नकली है या असली। डीएसपी हेडक्वार्टर राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने पाकिस्तानी करेंसी को कब्जे में ले लिया है। इसे फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है।
बताया कि छवाड़ गांव में मिली गुब्बारों के साथ पाकिस्तानी करेंसी की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। डीएसपी ने साफ किया है कि यह कोई आतंकी साजिश नहीं है। लोग इस बात से घबराएं नहीं। उन्होंने लोगों को इस प्रकार की गतिविधियों से सतर्क रहने की सलाह दी है। कहा कि लोगों को अगर कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत इसकी सूचना नजदीक के पुलिस थाना में दें।
सोमवार को छवाड़ गांव में दिनेश कुमार के घर के पास गुब्बारों के एक गुच्छे के साथ बंधी पाकिस्तानी करेंसी स्थानीय लोगों को मिली थी। इस पर स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान लिखा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पंचायत उपप्रधान को दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।