एग्जामिनेशन हॉल में छात्र की ऐसी करतूत!
हिमाचल के केंद्रीय विद्यालय सुबाथू में ओपन स्कूल की परीक्षा के दौरान एक विद्यार्थी आंसरशीट लेकर भाग गया। उक्त छात्र बाथरूम का बहाना बनाकर गया था। जब काफी देर तक वह नहीं पहुंचा तो एग्जामिनर ने जांच शुरू की। इस शिक्षक ने पाया कि छात्र आंसरशीट लेकर ही रफूचक्कर हो गया है। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन शुरू कर दी है।
देर शात तक न तो छात्र पकड़ा गया था और न ही आंसरशीट की बरामदगी हुई। ऐसे में स्कूल स्टाफ पर भी इसकी गाज गिर सकती है। स्कूल प्रधानाचार्य के डवीर ने कहा कि प्रबंधन ने राहुल कुमार पुत्र जयकिशन के खिलाफ पुलिस चौकी सुबाथू में शिकायत सौंपी है। डीएसपी प्रमोद चौहान ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य की शिकायत पर छानबीन की जा रही है।
बॉयोलाजी का था पेपर
ओपन स्कूल (सीबीएसई बोर्ड) के तहत प्राइवेट परीक्षाओं का दौर चला हुआ है। प्राइवेट परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों का शुक्रवार को बॉयोलाजी का पेपर था। यह पेपर दोपहर 2.30 बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक चला। आरोपी को परीक्षा केंद्र सुबाथू केवी अलॉट हुआ था।
प्रधानाचार्य केडवीर के मुताबिक परीक्षा का आधा समय बीत गया था। आरोपी छात्र ने बाथरूम जाने की बात कही। उनका दावा है कि छात्र ने बड़ी होशियारी से आंसरशीट को छिपा लिया और बाथरूम के बहाने बाहर गया फिर वापिस नहीं आया।
परीक्षा केंद्र में चौकसी पर भी सवाल उठ रहे हैं। एक विद्यार्थी हॉल से आंसरशीट लेकर स्कूल से आसानी से गायब हो रहा है। ऐसे में स्कूल प्रबंधन पर भी गाज गिर सकती है। सीबीएसई बोर्ड को इसकी सूचना प्रधानाचार्य ने दे दी है।