सड़क हादसों में पुलिस कर्मी सहित दो की मौत, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डलहौजी कैंट में रविवार शाम को एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई है जबकि अन्य तीन को मामूली चोटें आई हैं। ये पर्यटक परिवार के साथ अमृतसर से डलहौजी घूमने आ रहे थे। हादसे में कुलभूषण महाजन (45) निवासी शरीरपुरा, अमृतसर की मौके पर ही मौत हो गई।
उसकी पत्नी मोनिका महाजन, पुत्री खुशी और अन्य रिश्तेदार मेघा महाजन को मामूली चोटें आई हैं। इनके पीछे चल रही इनके रिश्तेदारों की गाड़ी ने जब कार को अनियंत्रित होकर सड़क से खाई में गिरते देखा तो तुरंत मदद के लिए खाई में उतरे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल कुलभूषण महाजन को खाई से बाहर निकाला और स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने कुलभूषण महाजन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को उपचार के लिए दाखिल कर लिया गया। बताया जा रहा है कि पर्यटक परिवार अमृतसर से डलहौजी बर्फबारी देखने आया था। हादसे में परिवार के मुखिया की जान चली गई।
मौके पर पहुंचे डलहौजी के नायब तहसीलदार प्रकाश नरियाल ने प्रशासन की तरफ से दस हजार रुपये बतौर फौरी राहत प्रदान की। सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टिप्पर की टक्कर में कार सवार एक पुलिसकर्मी की मौत, दूसरा घायल
सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर तरोट के पास टिप्पर से हुई टक्कर में सेंट्रो कार सवार एक पुलिस कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल है। उसे नागरिक अस्पताल सुंदरनगर लाया गया जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस में बतौर मुख्य आरक्षी कार्यरत बैहली निवासी महेंद्र सिंह व भड़ोह निवासी नरेंद्र कुमार होली के दौरान बल्ह में ड्यूटी देने के बाद सुंदरनगर स्थित अपने घर सेंट्रो कार (एचपी31ए/4456) में जा रहे थे। जब वह तरोट के पास पहुंचे तो वहां सपंर्क मार्ग से एक टिप्पर एकाएक सड़क पर आ गया जो सेंट्रो कार से जा टकराई।
इस हादसे में कार में सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया जहां पर इलाज के दौरान चिकित्सकों ने महेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि हादसे में नरेंद्र कुमार गंभीर रुप से घायल हो गया है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक मंडी कुलभूषण वर्मा भी अस्पताल पहुंचे तथा उन्होंने हादसे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने इस हादसे पर शोक जताते हुए बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इधर, इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।