मदद को रोती रही 3 साल की मासूम, बीच बाजार तड़पता रहा बुजुर्ग दादा, मौत
देवी-देवताओं और भोले-भाले लोगों के लिए पहचाने जाने वाले हिमाचल कुल्लू से इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां बीच बाजार एक बुजुर्ग गिरधर (68) ने हार्ट अटैक के दर्द से तड़पकर दम तोड़ दिया पर उनकी मदद को कोई सामने नहीं आया।
गिरधर अपनी तीन साल की पोती को सर्दी-जुकाम की दवा दिलाने अस्पताल ले जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब दस बजे अचानक हार्ट अटैक से गिरधर फुटपाथ पर गिर पड़े। दादा को जमीन पर बेसुध देख मासूम पोती रोती-बिलखती रही पर किसी का दिल नहीं पसीजा।
करीब पंद्रह मिनट बाद समाजसेवी नवनीत सूद मदद को आगे आए। नवीन बुजुर्ग को अस्पताल ले जाने के लिए दस मिनट तक आने-जाने वाली गाड़ियों को रुकने के लिए हाथ देते रहे पर कोई नहीं रुका।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, डॉक्टर ने भी किया दुर्व्यवहार
नवीन ने जैसे-तैसे गिरधर को अस्पताल पहुंचाया लेकिन वह दम तोड़ चुके थे। सूचना मिलने पर गिरधर के परिजन भी कुल्लू अस्पताल पहुंचे। एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि मरने वाले बुजुर्ग गिरधर दोहरनाला के टिछी गांव के रहने वाले थे। हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने धारा 174 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डॉक्टर पर दुर्व्यवहार का आरोप
नवनीत सूद ने कहा कि जब वह बुजुर्ग को अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टर का व्यवहार ठीक नहीं था। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बदतमीजी से पेश आते हैं। जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन को ऐसे डॉक्टरों पर शिकंजा कसना चाहिए।
उधर, चिकित्सा अधीक्षक कुल्लू डॉ. कंवरजीत सिंह मल्होत्रा ने बताया कि मामला उनके ध्यान में नहीं है। फिर भी बदतमीजी करने वाले डॉक्टर की पहचान कर जांच की जाएगी। डॉक्टर ने बदतमीजी की होगी तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।