Shimla News: करवाचौथ पर निजी होटलों में केक और कैंडल लाइट डिनर का इंतजाम
शिमला में करवाचौथ पर नवविवाहित जोड़ों के लिए निजी कारोबारियों की तरफ से होटलों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। नवविवाहित जोड़ों को होटलों के कमरों में फ्लावर डेकोरेशन की सुविधा मिलेगी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में करवाचौथ पर नवविवाहित जोड़ों के लिए निजी कारोबारियों की तरफ से होटलों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। नवविवाहित जोड़ों को होटलों के कमरों में फ्लावर डेकोरेशन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ में करवाचौथ केक और कैंडल लाइट डिनर की भी व्यवस्था की गई है। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद का कहना है कि रूम बुकिंग पर फ्री साइट सीन का ऑफर दिया जा रहा है। जोड़ों के लिए लकी ड्रा भी होगा और विजेताओं को फ्री मनाली ट्रिप मिलेगा।
होटलों में करवाचौथ पार्टी और कैंडल लाइट डिनर का भी इंतजाम किया जा रहा है। उधर, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) भी करवाचौथ पर नवविवाहित जोड़ों के लिए 10 फीसदी डिस्काउंट की सुविधा दी गई है। करवाचौथ पर निगम के होटलों में ठहरने वाले अतिथियों को करवाचौथ पूजा में सरगी और पूजा की थाली मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी। इतना ही नहीं करवाचौथ की सुबह सरगी में फैनी, फल, दूध, मिठाई और मट्ठी उपलब्ध करवाई जाएगी। शाम के समय पूजा की थाली में चावल, ड्राई फ्रूट, दूब, फूल, कुमकुम, धूप और दीपक भी मुहैया करवाए जाएंगे।
उधर, त्योहारी सीजन शुरू होने के बाद करवाचौथ पर शिमला, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा, शिलारू और नारकंडा तक सैलानी दस्तक दे रहे हैं। शिमला सहित आसपास के पर्यटन स्थलों में होटलों में कमरों की बुकिंग 30 फीसदी से बढ़कर 40 फीसदी तक हो गई है। पर्यटन कारोबारी इस करवाचौथ वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं। निजी कारोबारियों ने भी होटल में 40 फीसदी डिस्काउंट की छूट देते हुए सैलानियों को रिझाने का प्रयास किया है।
निगम के होटलों में कपल को 10 फीसदी छूट
करवाचौथ में निगम के होटलों में कमरों की बुकिंग पर कपल को 10 फीसदी छूट दी जा रही है। निगम के महाप्रबंधक अनिल तनेजा ने बताया कि एचपीटीडीसी के चुनिंदा होटलों में हॉलिडे होम, आशियाना, होटल ज्वालाजी, होटल चिंतपूर्णी हाइट्स, होटल यात्री निवास चांमुडा जी, होटल टी बड पालमपुर, होटल धौलाधार धर्मशाला, होटल कुंजम मनाली, होटल श्रीखंड सराहन, होटल टूरिस्ट इन रिवालसर, होटल रेणुका रेणुकाजी, होटल हाटू नारकंडा, होटल लेक व्यू बिलासपुर, होटल मणिमहेश डलहौजी, होटल इरावती चंबा सहित अन्य होटलों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।