दहशत में लाखों लोग, पीने के पानी में जहर मिला रहा 'शैतान'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के जिला सोलन में शनिवार को पानी की एक और टंकी में जहर मिलने से दहशत फैल गई। सुबाथू में पानी की टंकियों में जहर मिलाने के बाद अज्ञात शैतान ने अब कुनिहार राधास्वामी सत्संग भवन की 25 हजार लीटर पानी की टंकी में जहर मिलाया है।
रविवार को यहां विशाल सत्संग होना है। इसमें सैकड़ों अनुयायी पहुंचने हैं, लेकिन शनिवार को पानी में जहर मिलाए जाने का पता चल गया। इससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने टंकी से 500 एमएल प्रोफेक्स सुपर नामक कीटनाशक की बोतल भी बरामद की है।
आईपीएच और पुलिस ने पानी के सैंपल जांच के लिए जुन्गा लैब भेज दिए हैं। बता दें कि एक सप्ताह में जिला सोलन में पानी की टंकियों में जहर का यह पांचवां मामला है। सरकार के चौकसी के निर्देशों के बावजूद पुलिस और प्रशासन अज्ञात शैतान को नहीं रोक पा रहे। मौके पर एएसपी मनमोहन शर्मा, डीएसपी दाड़लाघाट नरवीर सिंह राठौर, डीएसपी अमित शर्मा आदि जांच में मौजूद रहे।
सीढ़ी लगाकर टंकियों तक पहुंचा शैतान
मौके पर पहुंचे पुलिस जांच दल ने बताया कि शातिर सीढ़ी लगाकर टंकियों तक पहुंचा है। उसके जूते के निशान भी मिले हैं। शनिवार सुबह जब जत्थेदार रणजीत सिंह रविवार को प्रस्तावित सत्संग की रूपरेखा तैयार करने पहुंचे तो उन्होंने पानी पीना चाहा। लेकिन तेज गंध आई। सूचना आईपीएच को दी। मौके पर आईपीएच की टीम ने जांच की, जिसमें जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मुकदमा दर्ज
एसपी सोलन अंजुम आरा ने बताया कि जहर 29 सितंबर को सत्संग भवन की पानी की टंकी में मिलाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी घटनाएं सुबाथू आईपीएच उपमंडल में हो रही हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे।
सुबाथू आईपीएच सब डिविजन में पांच घटनाएं
26 सितंबर: कक्कड़हट्टटी स्कूल और गांव की पेयजल टंकियों में जहर मिलाया
27 सितंबर : शडियाणा में आईपीएच के पेयजल स्टोर टैंक में जहर डाला गया। यहां से 2000 लोगों को पानी सप्लाई होता था, लेकिन मोटर खराब होने के कारण सप्लाई नहीं दी गई थी
29 सितंबर : जाड़ला पटवारखाने और घरों की टंकियों में जहर मिलाया
30 सितंबर : जाड़ला में हैंडपंप में जहर मिलाने की कोशिश
01 अक्तूबर : कुनिहार राधास्वामी सत्संग भवन में पानी की टंकी में जहर
सात दिन से पुलिस खाली हाथ
सोलन में आईपीएच की पानी की टंकियों में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने के मामले में सात दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। लगातार हर दिन किसी न किसी जगह पानी में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की बात सामने आ रही है लेकिन बजाय कोई ठोस कार्रवाई के पुलिस सिर्फ केस जल्द खोलने का आश्वासन दे रही है।
पहला मामला सामने आने के बाद से अब तक खाली पुलिस खाली हाथ है। यही नहीं, एक के बाद एक मामले सामने आने से स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच अब मुख्य सचिव वीसी फारका ने विशेष टीम बनाकर शरारती तत्वों को पकड़ने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्य सचिव की फटकार के बाद अब मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की कवायद शुरू हो गई है।