कॉलेजों में छुट्टियों पर चलेगी कैंची, इस वजह से लिया फैसला
हिमाचल के डिग्री कॉलेजों में टीचिंग डे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार से मंजूरी के बाद शिक्षा विभाग दस दिन के भीतर कॉलेजों का रिवाइज्ड एकेडमिक शेड्यूल जारी करेगा। संभावित है छुट्टियों पर कैंची चलाकर टीचिंग डे बढ़ाए जाएं।
सीबीसीएस लागू होने के बाद से टीचिंग डे बढ़ाने की मांग चल रही है। वर्तमान में एक साल के दौरान दो सेमेस्टरों के लिए 207 टीचिंग डे तय किए गए हैं। 65 दिन छुट्टियां होती हैं और 61 दिन प्रैक्टीकल और परीक्षाओं के लिए रखे गए हैं।
बीते दिन शिमला में आयोजित हुई कॉलेज प्रिंसिपलों की बैठक में सरकार से टीचिंग डे बढ़ाने की मांग की गई। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल बिंटा ने बताया है कि जल्द टीचिंग डे बढ़ाने का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा जाएगा।
यहां देखें पूरा शेड्यूल
शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए प्रदेश के डिग्री कॉलेजों और संस्कृत कॉलेजों में एडमिशन, एग्जामिनेशन और छुट्टियों का शेड्यूल बीते दिनों ही जारी हुआ है। इस शेड्यूल के मुताबिक 16 से 23 जून (आठ दिन) तक कॉलेजों में फार्म जमा होंगे।
24 से 27 जून तक मेरिट लिस्ट लगेगी। 28 से 30 जून तक विद्यार्थी फीस जमा करवा सकेंगे। कॉलेजों में पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं एक जुलाई से 12 अक्तूबर (104 दिन) तक लगेंगी। 13 अक्तूबर से 12 नवंबर (31 दिन) तक प्रैक्टीकल और परीक्षाएं होंगी।
दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं 13 नवंबर से 20 दिसंबर (38 दिन), 5 फरवरी 2018 से 10 अप्रैल (65 दिन) कुल 103 दिनों तक कक्षाएं चलेंगी। 11 अप्रैल 2018 से 10 मई (30 दिन) तक प्रैक्टीकल और परीक्षाएं होंगी।
कॉलेजों में गर्मियों की छुट्टियां 21 मई से 15 जून तक 26 दिन, दिवाली की छुट्टियां चार दिन दिवाली से एक दिन पहले से शुरू होकर दिवाली के दो दिन बाद तक रहेंगी। एक जनवरी से 4 फरवरी तक 35 दिन की सर्दियों की छुट्टियां रहेंगी। इस शेड्यूल में सरकार अब बदलाव करने जा रही है।