खुशखबरी! अब स्मार्ट और येलो कार्ड पर भी मिलेगी ये छूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल पथ परिवहन निगम के 119 बस रूटों पर स्मार्ट, येलो और ग्रीन कार्ड दिखाने पर भी यात्रियों को बस किराये में 30 फीसदी छूट दी जाएगी। सिल्वर कार्ड की तर्ज पर सभी तरह के रियायती कार्डों पर एक समान छूट देने का फैसला लिया गया है।
हालांकि सिल्वर कार्ड के 119 रूटों के अलावा अन्य रूटों पर स्मार्ट, ग्रीन और येलो कार्ड पर पहले की तरह 10 से 25 फीसदी किराये की छूट मिलेगी। निगम ने जिन 119 रूटों को तय किया है, उन रूटों पर पहले फिक्स किराये या घटाए गए किराये वाली बसें चलती थीं।
निजी बस ऑपरेटरों के विरोध के बाद सरकार ने इस सुविधा को बंद किया था। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बीते दिनों प्रदेश में सिल्वर कार्ड योजना लांच की है। इसके तहत 119 बस रूटों पर यात्रियों को बस किराये में 30 फीसदी छूट दी जा रही है।
यहां बनाए जाएंगे सिल्वर कार्ड
एचआरटीसी और जेएनएनयूआरएम दोनों बसों में यह छूट मिलेगी। परिवहन निगम ने सिल्वर कार्ड जारी करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। सिल्वर कार्ड एचआरटीसी के सभी बुकिंग कार्यालयों में बनाए जाएंगे। इसके अलावा बसों में कंडक्टर भी 30 फीसदी छूट का सिल्वर कार्ड बेचेंगे।
119 रूटों की जिन बसों में सिल्वर कार्ड मान्य होगा, उन बसों के शीशों पर सिल्वर कार्ड इज अलाउड लिखा जाएगा। सिल्वर कार्ड ट्रांसफरेबल होगा। इसे बनवाने वाले के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी प्रयोग में ला सकेगा। इसमें फोटो नहीं लगेगी। 20 रुपये में बनाए जाने वाला सिल्वर कार्ड दो साल के लिए मान्य होगा।
अन्य राज्यों के 18 किलोमीटर के दायरे में जाने वाली बसों में भी यह कार्ड मान्य होगा। सिल्वर कार्ड गुम होने की स्थिति में डुप्लीकेट कार्ड नहीं बनाया जाएगा। लोगों को नया कार्ड ही बनवाना होगा। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक अशोक तिवारी ने पत्र जारी कर नए आदेशों से निगम के सभी अधिकारियों को सूचित किया है।
किस कार्ड पर कितनी छूट
स्मार्ट कार्ड पर 10 फीसदी छूट
स्मार्ट कार्ड 50 रुपये में बनाया जाता है। इसके तहत पूरे रूट पर यात्रियों को किराये में 10 फीसदी छूट मिलती है। साठ साल से अधिक आयु के लोगों को स्मार्ट कार्ड के तहत 20 फीसदी छूट मिलती है। कार्ड की अवधि दो साल है।
येलो, ग्रीन कार्ड पर 25 फीसदी छूट
येलो और ग्रीन कार्ड पर यात्रियों को किराये में 25 फीसदी छूट दी जाती है। 50 किलोमीटर के दायरे में यह कार्ड मान्य होता है। कार्ड में आने वाले और जाने वाले स्थान का नाम भी लिखा जाता है। यह कार्ड भी दो साल के 50 रुपये में बनाया जाता है।
महिलाओं के लिए 25 फीसदी छूट
प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी की सभी बसों में महिलाओं को बिना कार्ड बनाए किराये में 25 फीसदी की छूट दी है। महिलाएं रियायती कार्ड का प्रयोग नहीं कर सकती हैं।