ड्राफ्ट का झंझट खत्म, घर बैठे एक क्लिक में जमा करें फीस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। ड्राफ्ट सहित आवेदन के लिए फार्म भरने का झंझट अब नहीं रहेगा। घर बैठे बस एक क्लिक पर आवेदन सहित दूसरी औपचारिकताएं छात्र पूरी कर सकेंगे।
इसके लिए शिक्षा बोर्ड राज्य सहकारी बैंक से करार करने जा रहा है। मंगलवार को दिल्ली में राज्य सहकारी बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान बोर्ड अध्यक्ष ऑनलाइन प्रपोजल को अमलीजामा पहनाया।
शिक्षा बोर्ड राज्य सहकारी बैंक के ऑनलाइन सिस्टम का साफ्टवेयर लेगा। इसके शुरू होते ही स्कूल शिक्षा बोर्ड का सारा कामकाज ऑनलाइन हो जाएगा। छात्रों को पंजीकरण या परीक्षा फीस जमा करवाने के लिए अब शिक्षा बोर्ड को ड्राफ्ट नहीं भेजना पड़ेगा।
पंजीकरण, परीक्षा और जेबीटी-टेट की फीस भी ऑनलाइन
नए साफ्टवेयर से छात्र घर बैठे ही एक क्लिक से शिक्षा बोर्ड के खाते में पंजीकरण और परीक्षा शुल्क जमा करवा सकेंगे। स्कूलों की संबद्धता सहित पंजीकरण-परीक्षा शुल्क, जेबीटी-टेट और सरकारी रिक्रूटमेंट के लिए आवेदन के लिए फीस जमा करवाने को छात्रों को बोर्ड में जाकर या ड्राफ्ट भेजकर जमा करवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सभी प्रकार के शुल्क अब छात्र इंटरनेट बैंकिंग या अन्य किसी बैंक में जाकर बोर्ड के खाते में जमा करवा सकेंगे। इसका फायदा लाखों छात्रों को होगा। चंद मिनटों में शुल्क बोर्ड के खाते में जमा हो जाएगा। इससे छात्रों के ड्राफ्ट भेजने के पैसे भी बचेंगे। सब कुछ ठीक रहा तो शिक्षा बोर्ड का ऑनलाइन सिस्टम सितंबर महीने में शुरू हो जाएगा। बोर्ड नए साफ्टवेयर की लांचिग मुख्यमंत्री से करवाने की तैयारी कर रहा है।
बोर्ड के सभी बुक डिपो होंगे ऑनलाइन
जल्द ही स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभी बुक डिपो भी ऑनलाइन हो जाएंगे। प्रदेश भर के सभी बुक डिपो की किताबों का रिकॉर्ड ऑनलाइन होगा। किस डिपो में कितनी किताबों का स्टॉक, कितनी किताबों का वितरण बच्चों को हुआ, इसका सारा विवरण ऑनलाइन होगा। इससे प्रदेश भर के हजारों छात्रों को सहूलियत होगी।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बलवीर तेगटा का कहना है कि सभी प्रकार की वित्तीय सेवाएं ऑनलाइन करने के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड राज्य सहकारी बैंक का साफ्टवेयर ले रहा है। संबद्धता सहित पंजीकरण, परीक्षा शुल्क, जेबीटी-टेट और सरकारी रिक्रूटमेंट के लिए आवेदन फीस छात्र ऑनलाइन भर सकेंगे। नए साफ्टवेयर को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से लांच करवाया जाएगा।