हिमाचल सरकार ने सेना के जवानों को दी खास सुविधा, तुरंत होंगे सारे काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश की सुरक्षा के लिए अपने परिवारों से सैकड़ों किलोमीटर दूर और दिन-रात बॉर्डर पर तैनात रहने वाले सैनिकों के सरकारी काम अब तुरंत होंगे। काम के लिए उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
देश के प्रहरियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने सेवारत फौजियों के काम तुरंत करने के लिए सभी विभागाध्यक्षों और उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं। बेवजह काम लटकाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।
हिमाचल से भारतीय सेना में करीब तीन लाख सैनिक हैं। इन्हें साल में निर्धारित अवधि की ही छुट्टी मिलती है। सरकार के पास शिकायतें पहुंची हैं कि सरकारी विभागों में सैनिकों को अपने घर से जुड़े काम करवाने के लिए कई परेशानियों से जूझना पड़ता है।
निर्धारित समय के भीतर काम पूरा नहीं होने से इनकी फाइलें लटकी हुई हैं। इन पर संज्ञान लेते हुए सरकार ने सैनिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का फैसला लिया है।
सरकार ने सभी विभागों को जारी किए दिशा निर्देश
सैनिक कल्याण विभाग ने सरकार से मंजूरी मिलने के बाद सभी विभागों को जारी निर्देशों में कहा है कि सैनिकों के कामों को विशेष तरजीह दी जाए। निर्धारित अवधि के भीतर इनके काम किए जाएं।
सरकार का मानना है कि अगर सैनिक घर के कामकाज से जुड़ी परेशानियों में ही घिरे रहेंगे तो बॉर्डर पर ढंग से ड्यूटी नहीं दे पाएंगे। सैनिकों को घर की परेशानियों से मुक्त करने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है।
देश की सुरक्षा के लिए बॉर्डर पर तैनात सैनिकों को अब घर से संबंधित सरकारी कामकाज में कोई समस्या नहीं आएगी। सरकार ने सभी जिलाधीशों व विभागाध्यक्षों को सैनिकों के काम को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए हैं।-सुनील चौधरी, विशेष सचिव सैनिक कल्याण विभाग