हिमाचल में बंद बेअसर, नोटबंदी के समर्थन में दुकानदारों ने बांटे लड्डू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोट बंदी के विरोध में विपक्षी दलों का भारत बंद आह्वान हिमाचल प्रदेश में पूरी तरह से बेअसर रहा। सोमवार को प्रदेश में रोजाना की तरह सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले। बंद के समर्थन में प्रदेश के एक भी कारोबारी ने दुकान बंद नहीं रखी।
सोलन के कुनिहार में तो दुकानदारों ने नोटबंदी के समर्थन में लोगों को चाय और लड्डू तक बांटे। कुछ जगहों पर दुकानदारों ने अतिरिक्त दो घंटे दुकानें खोली रखीं। कांग्रेस पार्टी ने नोट बंदी से आम जनता को पेश आ रही समस्याओं को लेकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समेत कई मंत्री शिमला राजभवन पहुंचे। उधर, कम्यूनिस्ट पार्टी आफ इंडिया मार्क्सवादी और आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्रदर्शन कर विरोध जताया। सोलन में माकपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
राजधानी शिमला में भारत बंद के आह्वान पर एक भी दुकान बंद नहीं रही। कुछ होटल और रेस्तरां दोपहर तक बंद रहे। माकपा ने एजी आफिस चौक से सब्जी मंडी होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। आम आदमी पार्टी ने उपायुक्त दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।
बाकी जिलों में भी बेअसर, जानें कहां क्या हुआ
जिला ऊना में कांग्रेस और आप ने नोट बंदी के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी ने रैली निकालकर एडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। ऊना में भी बंद का कोई असर नहीं देखा गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मंडी सदर ने जिला अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर की अध्यक्षता में मंडी में उपायुक्त संदीप कदम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसी नेताओं ने नोट बंदी से आम जनता को हो रही परेशानियों से अवगत करवाया।
नोट बंदी को लेकर सोलन शहर में मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी ने रैली निकालकर विरोध जताया। माकपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। जिला में नोट बंदी को लेकर किया गया भारत बंद का आह्वान बेअसर साबित हुआ।
कुछ जगह दुकानदारों ने नोट बंदी के फैसले के समर्थन दुकानें दो घंटे अतिरिक्त खुली रही। कुनिहार के दुकानदारों ने नोट बंदी के समर्थन में लोगों को चाय और लड्डू बांटे। भारत बंद का बिलासपुर में भी कोई असर देखने को नहीं मिला। सोमवार को जिला भर में बाजार खुले रहे।
जिला व्यापार मंडल द्वारा भारत बंद का समर्थन नहीं किया गया। कांग्रेस ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को नोट बंदी को लेकर ज्ञापन प्रेषित किया। जिला सिरमौर में भी बंद बेअसर रहा। यहां भी रोज की तरह कारोबारियों ने दुकानें खोली। जिला के सभी ब्लाकों में कांग्रेस ने प्रदर्शन कर स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
जिला कुल्लू में भी भारत बंद का असर नहीं दिखा। नोट बंदी के खिलाफ कुल्लू कांग्रेस ने एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा। मनाली ब्लाक कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंक विरोध जताया। जिला हमीरपुर में भी बंद असर रहा।
लोगों ने रोजाना की तरह बाजारों और कस्बों में पहुंचकर खरीददारी की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने भारत बंद के पक्ष में उपमंडल स्तर पर एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। चंबा में भी भारत बंद सफल नहीं हुआ।
शहर में सारी दुकानें खुली रहीं। कहीं भी कोई प्रदर्शन नहीं हुआ। कांगड़ा जिले के अधिकतर बाजार भी सोमवार को खुले रहे। जहां सोमवार को बाजार बंद रहते हैं वहां भी दो घंटे के लिए बाजार को खोला गया। कांग्रेस ने उपमंडल स्तर पर प्रदर्शन किया।